Crime- पटियाला में सनसनीखेज वारदात: पहले महिला को बेसबॉल बैट से पीटा, फिर दो गोलियां मारीं; घात लगाए बैठे थे आरोपी -#INA

पटियाला में पातड़ां के पुराने बस स्टैंड के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने पहले एक महिला को बेसबॉल बैट से बेरहमी से पीटा। उसके बाद दो गोलियां मार कर उसकी हत्या कर दी। बुधवार रात हुई इस घटना से इलाके में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। 

मृतका की पहचान पातडां की सुंदर बस्ती निवासी दिलप्रीत कौर पत्नी गुरजंट सिंह उर्फ बंटी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिलप्रीत कौर बस से उतरकर पैदल अपने घर की ओर जा रही थी। 

इसी दौरान घात लगाकर बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। वारदात के समय पास में मौजूद एक ऑटो चालक लखवीर सिंह भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पातड़ां के प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास की दुकानों व सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।

थाना प्रभारी गगनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि इस वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पारिवारिक रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि हमलावरों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Credit By Amar Ujala

Back to top button