खबर शहर , Agra News: आगरा से दक्षिण भारत का सफर होगा आसान – INA

आगरा। आगरा के यात्रियों के लिए दक्षिण भारत की यात्रा अब और अधिक सुगम होने जा रही है। रेलवे ने लालकुआं से केएसआर बंगलूरू जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया है, जिसका ठहराव आगरा कैंट स्टेशन पर भी रहेगा। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से आगरा के यात्रियों को ग्वालियर, झांसी, नागपुर, विजयवाड़ा और बंगलूरू समेत दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेन संख्या 05074-05073 के स्थान पर नियमित ट्रेन संख्या 15302-15301 (लालकुआं-केएसआर बंगलूरू सिटी जंक्शन साप्ताहिक) चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 15302 (लालकुआं से) 19 सितंबर से प्रत्येक शनिवार को चलेगी और यह ट्रेन रात 12:45 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी तथा 5 मिनट के ठहराव के बाद 12:50 बजे रवाना होगी। ट्रेन संख्या 15301 (केएसआर बंगलूरू से) 22 सितंबर से प्रत्येक मंगलवार को चलेगी और वापसी में यह ट्रेन रात 12:20 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी तथा 12:25 बजे . के लिए प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन कुल 13 फेरों के लिए निर्धारित की गई है।

आगरा कैंट से यह ट्रेन ग्वालियर, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, बैतूल, नागपुर, सेवाग्राम, चंद्रपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियल, पेद्दापल्ली, वारंगल, महबूबाबाद, खम्माम जंक्शन, विजयवाड़ा, तेनाली, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, रेनीगुंटा, काटपाडी, जोलारपेट्टई, कुप्पम, बानगारापेट, कृष्णराजपुरम, बंगलूरू कैंट से होते हुए केएसआर बंगलूरू तक जाएगी। ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच होंगे। इनमें एक लगेज कम जनरेटर पावर कार, चार सामान्य, छह स्लीपर, दो वातानुकूलित इकॉनमी, तीन तृतीय श्रेणी वातानुकूलित, एक द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित और एक एलएसएलआरडी कोच शामिल है। ट्रेन का संचालन 13 फेरों के लिए निर्धारित किया गया है।

इन स्थानों का भी कर सकेंगे दीदार

ग्वालियर जंक्शन ग्वालियर किला और तानसेन का मकबरा के लिए प्रसिद्ध है। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन झांसी किला और रानी महल के लिए जाना जाता है। रानी कमलापति स्टेशन, भोपाल से रानी कमलापति महल और भोजताल का आकर्षण जुड़ा है। इटारसी जंक्शन तवा बांध और आदमगढ़ की पहाड़ियों के लिए प्रसिद्ध है। नागपुर जंक्शन से दीक्षाभूमि और रामटेक किला मंदिर प्रमुख पर्यटन स्थल हैं। वारंगल हजार खंभों का मंदिर और वारंगल किले के लिए प्रसिद्ध है। विजयवाड़ा जंक्शन से कनक दुर्गा मंदिर और प्रकाशम बैराज का प्रमुख केंद्र है। केएसआर बंगलूरू से बंगलूरू पैलेस और लालबाग बॉटनिकल गार्डन के लिए जाना जाता है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button