UP News: दिल्ली में बारिश-आंधी का अलर्ट, UP-बिहार में मानसून का रौद्र रूप… हिमाचल से लेकर असम-केरल तक जानें 23 राज्यों का हाल – INA

21-August Weather: देश के बड़े हिस्से में मानसूनी हवाओं ने एक बार फिर जबरदस्त जोर पकड़ लिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 अगस्त के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश समेत देश के करीब 23 राज्यों में मूसलाधार बारिश, आकाशीय बिजली और तेज आंधी की गंभीर चेतावनी जारी की है. उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण और कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से पूरे उत्तर और मध्य भारत में मानसून बेहद आक्रामक नजर आ रहा है.

तटीय और मैदानी इलाकों में 75 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलने की आशंका जताई गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 21 अगस्त को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. पिछले कुछ दिनों से उमस और तेज धूप से परेशान दिल्लीवासियों को आज राहत मिलने के साथ-साथ तेज बारिश का सामना भी करना पड़ सकता है.

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और इससे सटे एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) में आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर भारी बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है.

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए दिल्ली के निचले इलाकों में जलभराव और प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. यात्रियों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

उत्तर प्रदेश: कई जिलों में बाढ़ का कहर और भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश ने विकराल रूप धारण कर लिया है. प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, बहराइच और अयोध्या जैसे जिलों में नदियां उफान पर हैं और कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं. लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है, जिसके कारण 21 अगस्त को पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी.

सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, बरेली, पीलीभीत और शाहजहाँपुर में आकाशीय बिजली चमकने और भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. गौतमबुद्ध नगर, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और झांसी समेत कई पश्चिमी व पूर्वी जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं.

बिहार और झारखंड: मूसलाधार बारिश और 50 KM/h की रफ्तार से आंधी

बिहार के गया, पटना, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार समेत लगभग दो दर्जन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. पटना में 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर और गिरिडीह में 40 से 50 किमी/घंटे की स्पीड से हवा चलने और झमाझम बारिश की संभावना है. रांची में तापमान 24 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.

पहाड़ी राज्यों (उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर) में भूस्खलन की आशंका

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश में तेज हवाओं (50-60 किमी/घंटा) के साथ भारी बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग ने संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन को लेकर यात्रियों को सावधान रहने की ताकीद की है. देहरादून में पारा 23 से 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और सोलन में 60 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी और भारी वर्षा की चेतावनी है. मनाली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

ये भी पढ़ें: राम मंदिर का निर्माण 30 सितंबर तक हो जाएगा पूरा, 2027 में म्यूजियम भी तैयार, बोले नृपेंद्र मिश्रा

इसी के साथ जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, कुलगाम, कठुआ, पुंछ, जम्मू और बारामूला में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं.

राजस्थान और मध्य प्रदेश: कम दबाव के क्षेत्र से बदला मिजाज

राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, धौलपुर और करौली में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. जयपुर में 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.

उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में बने लो-प्रेशर एरिया के कारण भोपाल, शिवपुरी, गुना, विदिशा, सागर, ग्वालियर और दमोह में 55-60 किमी/घंटे की स्पीड से आंधी और तेज बारिश होगी. भोपाल में तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों का मौसम

दक्षिण भारत की बात करें तो केरल और तटीय कर्नाटक में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बादलों की आवाजाही के साथ मध्यम बारिश होगी, जबकि तमिलनाडु में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.

उत्तर-पूर्व भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. सिक्किम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है.

मछुआरों और किसानों के लिए जरूरी एडवाइजरी

मौसम विभाग ने तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए किसानों को फसलों के बचाव के लिए सुरक्षात्मक कदम उठाने की सलाह दी है. साथ ही समुद्र और नदियों के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को जलस्रोतों के पास न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए हैं.

दिल्ली में बारिश-आंधी का अलर्ट, UP-बिहार में मानसून का रौद्र रूप… हिमाचल से लेकर असम-केरल तक जानें 23 राज्यों का हाल


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button