खबर शहर , Agra News: गंगोत्री से शिव-पार्वती की कांवड़ लेकर बटेश्वर धाम पहुंचे कांवड़िए – INA

बटेश्वर। सावन के महीने में तीर्थ धाम बटेश्वर भोले की भक्ति में लीन है। शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है। गंगोत्री से शिव-पार्वती की कांवड़ लेकर सात दिन पैदल चलकर कांवड़िए शुक्रवार को बटेश्वर धाम पहुंचे। कांवड़ियों ने कांवड़ के जल से भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दाैरान तीर्थ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।
शिकोहाबाद क्षेत्र के ग्राम अशुआ से 15 सदस्यीय कांवड़ियों का दल सात दिन पहले गंगोत्री पहुंचा। दल में शामिल प्रेमपाल, राहुल, आदित्य, अमित, शिव मोहन और राजेश सहित 15 शिवभक्त कांवड़ियों ने गंगोत्री धाम से शिव-पार्वती स्वरूप की कांवड़ उठाई और लगातार सात दिन तक पैदल चलकर शुक्रवार तीर्थ बटेश्वर पहुंचे। कांवड़ियों के बटेश्वर पहुंचने पर पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलाल महादेव मंदिर में शिव-पार्वती स्वरूप कांवड़ का जल भगवान शिव को अर्पित किया। मंदिर में जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।