बरौली अहीर। थाना एकता पुलिस और सर्विलांस टीम (नगर जोन) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिजली केबल चोरी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की बिजली केबल, दो मोबाइल फोन, 530 रुपये और घटना में प्रयुक्त बोलेरो बरामद की है। आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मीराधाम कालोनी, दिगनेर में बिजली के करीब 14 पोल तोड़कर केबल चोरी की थी।
18 अगस्त को कालोनी निवासी राजीव शर्मा ने थाना एकता में तहरीर देकर बताया था कि 30 जुलाई की रात अज्ञात लोगों ने कालोनी में लगे करीब 14 विद्युत पोल तोड़कर बिछाई गई बिजली की केबल चोरी कर ली। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।
बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर रोहता नहर के पास से सूरज शर्मा निवासी बरौली अहीर, थाना एकता और संतोष निवासी राठौर बस्ती, थाना निहालगंज, धौलपुर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि 30/31 जुलाई की रात उन्होंने साथी पवन और किशन के साथ मीराधाम कालोनी की बिजली काटकर केबल चोरी की थी। केबल को बोलेरो में भरकर वे धौलपुर ले गए और वहां महेश निवासी वघेल कालोनी को कुछ तार बेच दिए। वहीं, पवन, किशन और महेश की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।