खबर शहर , Agra News: महिला को मारपीट कर घर से निकाला, प्राथमिकी दर्ज – INA

बिचपुरी। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बिचपुरी निवासी नगीना ने अपने पति हेमंत, सास शीला देवी और ससुर चंदन सिंह पर आएदिन गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर थाना जगदीशपुरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी करीब 17 वर्ष पूर्व भरतपुर जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के बस रौली निवासी हेमंत के साथ हुई थी। उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति हेमंत, सास शीला देवी और ससुर चंदन सिंह लगातार उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते आ रहे थे। 19 अगस्त की रात को भी आरोपियों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। इसके बाद, वह अपने दो बच्चों के साथ 20 अगस्त को अपने पिता के घर बिचपुरी आ गई।

महिला का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे दो लाख रुपये लाने के बाद ही वापस घर में आने की बात कही है। एसीपी लोहामंडी ने बताया है कि पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button