आगरा। खेल स्टेडियम के हॉस्टल से लापता खिलाड़ी वंश के मामले में अब आजाद समाज पार्टी के नेता और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संघर्ष का एलान किया है। रविवार को आगरा पहुंचे चंद्रशेखर आजाद से सर्किट हाउस में वंश के पिता शैलेंद्र सिंह और मां सोनिया ने मुलाकात की। माता-पिता ने उन्हें बेटे के हॉस्टल से जाने और अब तक उसका पता नहीं चल पाने की पूरी जानकारी दी।
बेटे के बारे में बताते-बताते वंश की मां सोनिया सिंह भावुक हो गईं और रोने लगीं। मां को रोता देख चंद्रशेखर ने उन्हें ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि रोने से कुछ नहीं होगा। अगर रोने से ही समस्या हल हो जाए तो मैं भी आपके साथ रोना शुरू कर दूं। हमें इसके लिए संघर्ष करना होगा। उन्हें भरोसा दिलाया कि वह इस मामले में उनके साथ खड़े रहेंगे और जरूरत पर संघर्ष करेंगे।
उन्होंने शैलेंद्र सिंह का मोबाइल नंबर भी नोट किया और खुद बातचीत करने का भरोसा दिलाया। स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से वंश के जाने के बाद उसका अब तक पता नहीं चलना परिवार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। अब सांसद के हस्तक्षेप के बाद इस मामले को नया राजनीतिक और सामाजिक समर्थन मिलने के संकेत हैं।