खबर शहर , Agra News: प्रदेशीय सब जूनियर कुश्ती में पहलवानों ने जीते पांच स्वर्ण समेत सात पदक – INA

आगरा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में कौशांबी में 21 से 23 अगस्त तक आयोजित प्रदेशीय समन्वय सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में आगरा के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। स्टेडियम कुश्ती कोच पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि आगरा की टीम ने कुल सात पदकों (5 स्वर्ण और 2 कांस्य) पर कब्जा जमाया। कुश्ती की दोनों विधाओं फ्री स्टाइल व ग्रीको रोमन में शहर के पहलवानों ने विरोधियों को धूल चटाई।
फ्री स्टाइल में 92 किग्रा भार वर्ग में आनंद कृष्ण ने स्वर्ण, 110 किग्रा में सौरभ ने स्वर्ण, 80 किग्रा में विष्णु ने कांस्य पदक जीता। ग्रीको रोमन में 48 किग्रा में हेमंत ने स्वर्ण, 51 किग्रा में युवराज ने स्वर्ण, 92 किग्रा शैलेश ने स्वर्ण, 60 किग्रा में विश्व प्रताप सिंह ने कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी और खेल प्रेमियों ने टीम व कोच पुष्पेंद्र सिंह को बधाई दी है।