खबर शहर , Agra News: बटेश्वर में हुआ भव्य अनुष्ठान, गूंजे भोले के जयकारे – INA

बटेश्वर। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बटेश्वर में सावन मास के पावन अवसर पर चल रहे 27वें वार्षिक धार्मिक आयोजन की श्रृंखला में मंगलवार को भव्य धार्मिक अनुष्ठान हुआ। मुख्य पुजारी जयप्रकाश गोस्वामी और आचार्य सूर्यकांत गोस्वामी के सानिध्य में बनारस से पधारे आचार्यों के दल ने मुख्य ब्रह्मलाल मंदिर समेत यमुना किनारे स्थित प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना कराई।
सुबह चार बजे से ही मंदिरों की साफ-सफाई के बाद महाकालेश्वर, जालेश्वर और रामेश्वर सहित विभिन्न शिवालयों में अनुष्ठान शुरू हुआ। बनारस से आए आचार्यों ने दूध, दही, शहद, चीनी और चावल आदि पंचामृत सामग्री से शिवलिंग का भव्य अभिषेक किया। इसके बाद विधि-विधान से रुद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक और हवन-पूजन किया गया। ब्रह्मलाल महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी जयप्रकाश गोस्वामी ने बताया साधु-संतों और श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ अनुष्ठान में हिस्सा लिया। पिछले 27 वर्ष से श्रद्धालुओं के सहयोग से यह आयोजन अनवरत चल रहा है। धार्मिक मान्यता है कि इस अनुष्ठान में भाग लेने से भक्तों के समस्त पापों और कष्टों का निवारण होता है। सावन मास तक चलने वाला यह धार्मिक वार्षिक अनुष्ठान 28 अगस्त तक जारी रहेगा।