खबर शहर , Agra News: भाई के लिए बहनों ने स्कूलों में बुनीं राखियां – INA

बाह। रक्षाबंधन केवल कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, स्नेह और अटूट रिश्ते का उत्सव है। मंगलवार को बाह क्षेत्र के स्कूलों में छात्राओं ने धागों से आकर्षक राखियां बुनीं, छात्रों की कलाई पर बांधी भी। मंगदपुर के जूनियर हाईस्कूल में राखी बनाने की प्रतियोगिता में छात्राओं ने धागे, मोती एवं फूलों से राखियां बनाई। प्रतियोगिता में कल्पना एवं छाया प्रथम, जान्हवी एवं दुर्गेश्वरी द्वितीय, भावना, दीक्षा एवं पूजा तृतीय स्थान पर रही।
शिक्षिकाओं रीता भदौरिया, ममता श्रीवास्तव ने विजेताओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया। वहीं, धोबई के प्राथमिक विद्यालय में शिवाली, डौली, तन्वी, रंजना, चांदनी, जिया ने राखी बनाकर अपने साथी छात्रों की कलाई पर बांध कर रक्षाबंधन के त्योहार को मनाया। प्रधानाध्यापिका तरन्नुम ने छात्र-छात्राओं के राखी प्रेम की सराहना कर उन्हें पुरस्कृत किया।