खबर शहर , घबराएं नहीं: ये लक्षण नजर आएं तो हो सकता है स्वाइन फ्लू, तुरंत कराएं जांच; जानिए क्या करें क्या नहीं – INA

दिल्ली में स्वाइन फ्लू (एच-1एन-1) के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में भी स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। शहर के प्रमुख अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसकी वजह आगरा से रोजाना 8 से 10 हजार लोगों का दिल्ली सफर करना है।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच शुरू हो गई है। बुखार या सांस फूलने जैसे लक्षण दिखने पर खुद से दवा न लें, तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच कराएं। उन्होंने मरीजों को न घबराने की सलाह दी है। वहीं जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. संगीता राठौर ने बताया कि परिसर में लगातार जांच हो रही है। फिलहाल जिला अस्पताल में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला है।
स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, लगातार सिरदर्द, सूखी खांसी, गले में खराश और बहती नाक। मांसपेशियों और शरीर में जोड़ों का तेज दर्द। अत्यधिक थकान, सांस लेने में तकलीफ और उल्टी-दस्त भी इसके लक्षण हैं। संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करें, हाथों की सफाई रखें और डॉक्टरी सलाह लें।