सीजी- कोरबा: नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में 67 वर्षीय कारोबारी गिरफ्तार, अग्रिम जमानत खारिज होते ही पुलिस ने दबोचा – INA

कोरबा शहर में नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक 67 वर्षीय कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पावर हाउस रोड स्थित शारदा टेलीकॉम के संचालक चेतन चौधरी के रूप में हुई है। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी ने आरोपी के खिलाफ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के साथ गाली-गलौज करने का आरोप लगाया था। किशोरी ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में अग्रिम जमानत आवेदन पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार मिश्रा ने जमानत का विरोध किया। अभियोजन पक्ष ने अदालत के समक्ष मामले की गंभीरता और पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों का उल्लेख किया। दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी रही।

मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि आरोपी शहर में ही छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता के बयान समेत अन्य तथ्यों के आधार पर . की कार्रवाई की जाएगी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button