खबर शहर , Agra News: आगरा कैंट पर ठहराव वाली 10 ट्रेनें प्रभावित – INA

आगरा। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म और उनसे जुड़ी रेल पटरियों के निर्माण व सुधार कार्य का असर आगरा कैंट से होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। आगरा कैंट पर ठहराव वाली 10 ट्रेनें निर्धारित अवधि में फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। हालांकि इनका आगरा कैंट पर ठहराव और संचालन सामान्य रहेगा। बदलाव अलग-अलग ट्रेनों के लिए 30 अगस्त से 15 अक्टूबर तक लागू रहेगा।


आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि हजरत निजामुद्दीन–पलवल रेलखंड पर फरीदाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन तथा उनसे जुड़ी लाइन संख्या चार और पांच पर काम के लिए बिजली और यातायात ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस की दोनों ट्रेनें, पुरी–योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, केरल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पंजाब मेल, कटरा–जबलपुर एक्सप्रेस, अंडमान एक्सप्रेस और हिमसागर एक्सप्रेस समेत आगरा कैंट पर ठहराव वाली 10 ट्रेनें फरीदाबाद में अस्थायी रूप से नहीं रुकेंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति एनटीईएस या हेल्पलाइन नंबर 139 पर जांचने की अपील की है। फरीदाबाद स्टेशन पर 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदले गए हैं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button