UP News: नोएडा: एक कनेक्शन से पूरी कॉलोनी रोशन…150 घरों में कैसे हो रही थी बिजली चोरी? 31 पर FIR – INA

नोएडा के हरनंदी क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ा मामला सामने आया है. छिजारसी और पर्थला के डूब क्षेत्र में बिजली निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान एक ऐसे कनेक्शन का पता लगाया, जिससे करीब 150 घरों में अवैध रूप से बिजली सप्लाई की जा रही थी. जांच में सामने आया कि घरों में निजी मीटर लगाए गए थे और लोगों से बिजली के नाम पर रकम वसूली जा रही थी.

बिजली निगम के अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान पिछले दो दिनों में 3 हजार से ज्यादा अवैध कनेक्शन काटे गए हैं. वहीं, बिजली चोरी के आरोप में अब तक 31 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है.

एक कनेक्शन से पूरी कॉलोनी में बांटी जा रही थी बिजली

सेक्टर-123 के डूब क्षेत्र स्थित अंबेडकर सिटी कॉलोनी में कार्रवाई के दौरान बिजली निगम की टीम को एक घर में 200 किलोवाट का कनेक्शन मिला. जांच में पता चला कि इसी कनेक्शन से कॉलोनी के करीब 150 घरों में बिजली पहुंचाई जा रही थी.

इन घरों में निजी मीटर लगाए गए थे. आरोप है कि बिजली सप्लाई के बदले प्रत्येक घर से 300 रुपये मीटर फिक्स चार्ज और 11 रुपये प्रति यूनिट की दर से रकम वसूली जा रही थी. निगम की टीम ने कनेक्शन काट दिया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.

बंद दुकान के अंदर से जा रही थीं कई केबल

कार्रवाई के दौरान बिजली निगम की टीम को एक अन्य दुकान भी मिली, जो बंद थी. अधिकारियों के मुताबिक, दुकान के अंदर से कई केबल बाहर की ओर जा रही थीं. पूछताछ में पता चला कि दुकान में बिजली का मीटर लगा हुआ था और इसी स्थान से पूरी कॉलोनी में बिजली सप्लाई किए जाने का संदेह है.

दुकान बंद होने के कारण टीम ने फिलहाल उसे निगरानी में रखा है. अधिकारियों का कहना है कि दुकान खुलने के बाद वहां भी जांच और कार्रवाई की जाएगी.

कार्रवाई के दौरान लोगों ने किया विरोध

बिजली चोरी के खिलाफ अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों ने निगम की टीम का विरोध भी किया. छिजारसी में बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और टीम का घेराव कर दिया. स्थिति को देखते हुए पुलिस की मदद लेनी पड़ी.

निगम की कार्रवाई के दौरान करीब 20 ट्रांसफॉर्मर जब्त किए गए और अवैध रूप से बिछाई गई केबल भी हटाई गई. इसके बाद संबंधित कॉलोनी में बिजली की आपूर्ति बंद हो गई.

बिजली बहाल करने की मांग लेकर थाने पहुंचे लोग

बिजली कटने के बाद नाराज स्थानीय लोग अपनी समस्या लेकर सेक्टर-63 थाने पहुंचे. उन्होंने बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू करने की मांग की. हालांकि, निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कनेक्शन और बिजली चोरी के मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी.

31 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा

बिजली निगम के अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान अब तक 3 हजार से अधिक अवैध कनेक्शन काटे जा चुके हैं. बिजली चोरी के आरोप में 31 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. अधिकारियों का कहना है कि अवैध कनेक्शन काटने के साथ बिजली चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

बिजली चोरी और अवैध वसूली पर सख्ती

निगम अधिकारियों ने कहा कि हरनंदी क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. टीम अवैध कनेक्शन, ट्रांसफॉर्मर और केबल नेटवर्क की जांच कर रही है. अधिकारियों ने साफ किया कि बिजली चोरी के साथ-साथ बिजली के नाम पर अवैध वसूली के मामलों को भी गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

नोएडा: एक कनेक्शन से पूरी कॉलोनी रोशन…150 घरों में कैसे हो रही थी बिजली चोरी? 31 पर FIR


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button