UP News: कौन हैं उन्नाव के पुष्पेंद्र प्रताप, जिनको 1 लाख महिलाओं ने बांधी राखी? भीड़ देख DM-SP ने रुकवाया कार्यक्रम – INA

Unnao News: उन्नाव के भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को समाजसेवी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह की ओर से बड़े स्तर पर रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां पुष्पेंद्र प्रताप सिंह को राखी बांधने पहुंचीं. आयोजकों की ओर से करीब एक लाख बहनों के राखी बांधने का दावा किया गया. हालांकि, भीड़ लगातार बढ़ने के कारण जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया.
भगवंतनगर के धनकोली गांव निवासी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं. बताया गया कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है. इसी वजह से उन्हें हमेशा इस बात का मलाल रहा. इसके बाद उन्होंने बड़ी संख्या में बहनों से राखी बंधवाने और उनके भाई की तरह साथ खड़े रहने का संकल्प लिया. इसी संकल्प के तहत पिछले कुछ वर्षों से रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं और बेटियों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस बार कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया गया था.
ये भी पढ़ें- कानपुर में सड़कें क्यों धंस रही हैं? कहीं 18 फीट गड्ढा, तो कहीं दब गई पूरी रोड
पैदल चलकर राखी बांधने पहुंचीं महिलाएं
रविवार सुबह कार्यक्रम शुरू होते ही बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगीं. कई महिलाएं अपने साथ राखियां लेकर आई थीं. कुछ महिलाएं पैदल चलकर भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचीं. जैसे-जैसे समय बीतता गया, महिलाओं की संख्या बढ़ती गई. कार्यक्रम स्थल और आसपास की सड़कों पर बड़ी संख्या में महिलाएं नजर आने लगीं. भीड़ को नियंत्रित करने और किसी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा.
DM और SP ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं और भीड़ की स्थिति का जायजा लिया. आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम की जानकारी पहले ही जिला प्रशासन को दी गई थी. आयोजन को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं. कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर, कुर्सियों, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं.
भीड़ बढ़ने पर बीच में रोकना पड़ा कार्यक्रम
बताया गया कि कार्यक्रम के लिए करीब 15 हजार लोगों की अनुमति ली गई थी, लेकिन मौके पर इससे कई गुना अधिक महिलाएं पहुंच गईं. भीड़ लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन को भगदड़ की आशंका सताने लगी. इसके बाद कार्यक्रम को बीच में ही समाप्त करने का फैसला लिया गया. मंच से पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम समाप्त होने की जानकारी महिलाओं को दी और सभी से अपने घर वापस जाने की अपील की.
राखी नहीं बांध पाने से कई महिलाएं हुईं निराश
कार्यक्रम अचानक समाप्त होने से कई महिलाएं निराश नजर आईं. महिलाओं का कहना था कि वे काफी दूर से राखी बांधने के लिए आई थीं, लेकिन उन्हें राखी बांधने का मौका नहीं मिल सका. कुछ महिलाओं ने यह भी बताया कि कार्यक्रम में राखी बांधने के बाद उपहार देने की बात कही गई थी. उनके अनुसार, उपहार में साड़ी और 500 रुपए दिए जाने की बात कही गई थी. इसके लिए टोकन भी दिए गए थे.
एक सप्ताह में घर तक उपहार पहुंचाने का दावा
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंच से पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने महिलाओं से निराश नहीं होने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिन बहनों को कार्यक्रम में राखी बांधने का मौका नहीं मिल पाया, उनके लिए उपहार उनके घर तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने इसके लिए करीब एक सप्ताह का समय बताया. उन्होंने कार्यक्रम में पहुंची सभी बहनों और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि वह जीवनभर अपनी बहनों और उन्नाव के लोगों के लिए काम करते रहेंगे.
राजनीति में आने की भी अपील
कार्यक्रम में पहुंचीं कुछ महिलाओं ने पुष्पेंद्र प्रताप सिंह से राजनीति में आने की अपील भी की. महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें राजनीति में आना चाहिए. महिलाओं ने कहा कि उनकी जरूरत केवल भगवंतनगर और उन्नाव को ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश को है. हालांकि, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर फिलहाल कोई औपचारिक घोषणा सामने नहीं आई है.
पिछले साल भी हुआ था आयोजन
बताया गया कि पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने वर्ष 2025 में भी रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया था. उस समय करीब 20 हजार बहनों के राखी बांधने की चर्चा थी. पिछले आयोजन के बाद इस बार कार्यक्रम को और बड़े स्तर पर आयोजित किया गया. इस बार आयोजकों ने करीब एक लाख बहनों के पहुंचने और राखी बांधने का दावा किया था. हालांकि, भीड़ बढ़ने के कारण कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं अलग-अलग साधनों से अपने घरों की ओर लौटती नजर आईं.
कौन हैं उन्नाव के पुष्पेंद्र प्रताप, जिनको 1 लाख महिलाओं ने बांधी राखी? भीड़ देख DM-SP ने रुकवाया कार्यक्रम
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,