यूपी – शिकार पर आदमखोर: बाघ ने 32 साल के युवक को बनाया निवाला, जांघों और पेट का मांस खाकर छोड़ा; लाश देख कांप गए लोग – INA

यूपी के बहराइच में घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे किसान को मंगलवार तड़के बाघ खींच ले गया। सुबह करीब 6.00 बजे घर से करीब 700 मीटर दूर गन्ने के खेत में उनका अधखाया शव मिला। बाघ ने किसान के जांघ के नीचे से दोनों पैर और पेट का हिस्सा खा लिया था। चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर पंजों के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। बाघ पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
घटना ककरहा वन रेंज के महबूबनगर गांव की है। गांव निवासी राम सिंह (32) खेती-किसानी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार तड़के करीब 3.00 बजे वह घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान बाघ आबादी क्षेत्र में पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। बाघ उन्हें जबड़े में दबाकर घर से बाहर खींच ले गया। चीख सुनकर परिजनों की नींद खुल गई। वे बाहर पहुंचे तो राम सिंह चारपाई पर नहीं थे।