खबर शहर , पलवल हादसा: ट्रक में घुसी पिकअप, छह लोगों की माैत और 14 घायल; तीर्थ यात्रा पर निकले थे मैनपुरी के श्रद्धालु – INA

हरियाणा के पलवल जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी यूपी के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही गांवों में कोहराम मच गया।

रक्षाबंधन के बाद मैनपुरी किशनी थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर मुगरिया, मकोया, चांदा सहित कई अन्य गांव के करीब 21 ग्रामीण तीर्थ यात्रा पर पिकअप से निकले थे। सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन करने के बाद सभी मथुरा के वृंदावन दर्शन को जा रहे थे। मंगलवार सुबह पिकअप हरियाणा के पलवल जिले की सीमा में केएमपी एक्सप्रेसवे पहुंची, तभी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। 

इस हादसे में कस्बा किशनी के अलग अलग गांव के रहने वाले विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश की मौत हो गई। हादसे में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी सहित 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक व घायलों के परिजन पलवल के लिए रवाना हो गए हैं।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button