UP News: ‘यही दुकान मेरा सहारा है’… बरेली में बुलडोजर के नोटिस पर रो पड़ीं 80 साल की बुजुर्ग, बोलीं- अब कैसे चलेगा घर? – INA

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर एक बार फिर बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री ग्रिड योजना (सीएम ग्रिड) के तीसरे चरण में ईंट पजाया चौराहे से महर्षि चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाना है. इसके लिए नगर निगम ने सड़क के दोनों ओर बने 146 निर्माणों को चिन्हित किया है. इनमें मकान, दुकान, अस्पताल और धार्मिक स्थल भी शामिल हैं. नगर निगम की टीम ने संबंधित स्थानों पर नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
नगर निगम की ओर से दिए गए नोटिस में संबंधित लोगों को 15 दिन का समय दिया गया है. नोटिस में कहा गया है कि सड़क की प्रस्तावित योजना में बाधा बन रहे अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण को तय समय के अंदर खुद हटाया जाए. अगर किसी व्यक्ति को निर्माण या जमीन पर अपना मालिकाना हक होने का दावा है तो वह इससे जुड़े दस्तावेज लेकर नगर निगम कार्यालय में उपस्थित हो सकता है. नगर निगम ने साफ किया है कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाया जाएगा. कार्रवाई में आने वाला खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकर्ता से वसूले जाने की बात नोटिस में कही गई है. इसके साथ ही थाने में एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी भी दी गई है.
8 से 20 फीट तक सड़क पर अवैध कब्जा
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक ईंट पजाया से महर्षि चौक के बीच कई जगह सड़क की जमीन पर पक्का निर्माण कर लिया गया है. कहीं करीब 8 फीट तो कहीं 20 फीट तक का हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में बताया जा रहा है. इससे सड़क संकरी हो गई है और इस मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को अक्सर जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है.
सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क को चौड़ा करने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है. सड़क के दोनों ओर व्यवस्थित फुटपाथ बनाए जाएंगे. बिजली और इंटरनेट समेत दूसरी केबल को भी जमीन के नीचे करने की तैयारी है. इससे सड़क पर लटकते तारों से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
नोटिस मिलने के बाद बढ़ी चिंता
हालांकि कार्रवाई के नोटिस के बाद सड़क किनारे रहने और कारोबार करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. कई लोगों का कहना है कि उनके परिवार कई दशकों से इसी जगह रह रहे हैं और यहीं कारोबार कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं. उनका कहना है कि अगर मकान या दुकान का बड़ा हिस्सा टूट गया तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा.
टीवी9 की टीम जब मौके पर पहुंची तो नोटिस पाने वाले दुकानदार और स्थानीय लोग अपनी चिंता बताते नजर आए. इसी दौरान एक करीब 80 साल की बुजुर्ग महिला भी मिलीं. उनका रो-रोकर बुरा हाल था. महिला ने बताया कि वह करीब 20 साल से यहां फर्नीचर का कारोबार कर रही हैं और इसी काम से उनका घर चलता है. उनका कहना था कि उनके पति नहीं हैं और बेटे भी साथ नहीं हैं. ऐसे में यही कारोबार उनके लिए सहारा है.
बुजुर्ग महिला ने की सीएम से भावुक अपील
बुजुर्ग महिला ने भावुक होकर कहा कि अगर उनकी दुकान कार्रवाई में टूट गई तो वह अपना जीवन कैसे चलाएंगी. उन्होंने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि उनका कारोबार न छीना जाए और बुलडोजर की कार्रवाई से पहले कोई रास्ता निकाला जाए. महिला का कहना था कि उनका पेट इसी दुकान से पलता है और दुकान चली गई तो उनके सामने रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा.
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि नोटिस पर तारीख 25 अगस्त दर्ज है, लेकिन कई लोगों को नोटिस बाद में मिला. ऐसे में उन्हें सामान हटाने और आगे की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय मिलने को लेकर भी चिंता है.
नगर निगम का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और सीएम ग्रिड योजना का काम शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है. वहीं, स्थानीय लोगों की मांग है कि कार्रवाई से पहले उनकी बात भी सुनी जाए और जिन लोगों के सामने घर या कारोबार का संकट खड़ा हो रहा है, उनके लिए उचित समाधान निकाला जाए.
‘यही दुकान मेरा सहारा है’… बरेली में बुलडोजर के नोटिस पर रो पड़ीं 80 साल की बुजुर्ग, बोलीं- अब कैसे चलेगा घर?
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,