Technology, हांगकांग में रोबोट चला रहे हैं सुविधा स्टोर: कैसे काम करती है यह टेक्नोलॉजी? जानें कैसा रहा ग्राहकों का अनुभव – Hong Kong Gets Humanoid-run Stores, Galbot Robots Handle Stocking, Customer Conversations — INA

सार
ह्यूमनॉइड रोबोट अब सिर्फ रिसर्च और कंपनियों में ही नहीं बल्कि स्टोर में भी काम कर लोगों को चौंका रहे हैं। हांगकांग में अब ऐसे स्टोर शुरू हुए हैं, जहां ग्राहकों की मदद से लेकर उन्हें सामान देने तक का काम ह्यूमनॉइड रोबोट कर रहे हैं। बीजिंग की रोबोटिक्स कंपनी गैलबॉट (Galbot) ने हांगकांग में अपने पहले रोबोट-संचालित सुविधा स्टोर शुरू किए हैं। आइए जानते हैं इस रोबोट के बारे में…

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स के क्षेत्र में बीजिंग की टेक कंपनी गैलबोट ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने वान चाई, हंग होम और काई टाक में कुल तीन स्टोर खोले हैं। इनमें हंग होम और वान चाई में दो आउटडोर कैप्सूल दुकानें और काई टाक में एक इनडोर स्टोर शामिल है।
कैसे काम करता है गैलबोट रोबोट?
- स्टोर में ग्राहकों को सामान देने वाले एआई-संचालित ह्यूमनॉइड रोबोट का नाम गैलबोट है। यह ग्राहकों से दोस्तों की तरह बात कर सकता है। खरीददार इससे डायरेक्ट बोलकर स्नैक्स, ड्रिंक्स और खिलौनों के बारे में पूछ सकते हैं।
- स्टोर में मौजूद रोबोट से जब स्नैक्स के बारे में पूछा गया तो उसने केचप फ्लेवर वाले पोटैटो चिप्स और हांगकांग स्टाइल एग वॉफल या पाइनएपल बन जैसे दिखने वाले स्क्विशी टॉयज का जिक्र किया। इसके अलावा लाइम जूस और पीच ऊलोंग चाय जैसे ड्रिंक्स की जानकारी भी दी।
- जब उससे असली खाने वाले स्नैक्स के बारे में पूछा गया तो रोबोट ने कहा कि उसकी मौजूदा लिस्ट में केवल स्नैक टॉयज और ड्रिंक्स दिखाई दे रहे हैं और उस समय कोई असली खाने वाला स्नैक उपलब्ध नहीं है।
- अब अगर ऑर्डर की बात करें तो रोबोट के जरिए वॉयस कमांड देकर ऑर्डर चुनने के बाद, ग्राहकों को लगे हुए टैबलेट स्क्रीन पर ऑर्डर कन्फर्म करना होता है और डिजिटल पेमेंट पूरा करना पड़ता है। ऑर्डर देने से लेकर चाय या सामान हाथ में मिलने तक की पूरी प्रक्रिया में लगभग तीन मिनट का समय लगता है।
कैंटोनीज में भी बातचीत
कंपनी के दावे के अनुसार, गैलबॉट की खासियत यह भी है कि यह कैंटोनीज, जो कि चीनी भाषा (यूए चीनी) की एक प्रमुख किस्म या बोली है, यह उसमें भी बात कर सकता है। हालांकि इसमें अभी इसका अनुभव पूरी तरह सहज नहीं है। बातचीत के दौरान इसका कैंटोनीज उच्चारण पूरी तरह सही नहीं लगा और कुछ जगहों पर दोबारा मैंडरिन में जवाब सुनाई दिया।
50 शहरों में करीब 200 स्टोर चला रही कंपनी
गैलबॉट सिर्फ हांगकांग में ही इस तकनीक को नहीं आजमा रही है, बल्कि मेनलैंड चीन के करीब 50 शहरों में लगभग 200 ह्यूमनॉइड ऑपरेटेड स्टोर पहले से मौजूद हैं। कंपनी का कहना है कि ह्यूमनॉइड पूरी तरह ऑटोमेटेड तरीके से काम कर सकता है और स्टॉक भरने से लेकर ग्राहकों से बातचीत करने तक के कई काम खुद कर सकता है। हालांकि, हांगकांग में स्टोर के संचालन के शुरुआती दो दिनों तक एक मानव कर्मचारी भी मौजूद था।
हांगकांग में और विस्तार की तैयारी
हालांकि कि अभी कंपनी ने सिर्फ तीन स्टोर शुरू किए हैं, लेकिन इसके बाद शहर में और भी स्टोर खोलने की प्लानिंग कर रही है।अगर इस मॉडल का इस्तेमाल बढ़ता है तो आने वाले समय में सुविधा स्टोरों में इंसानी कर्मचारियों और रोबोट के बीच काम का बंटवारा देखने को मिल सकता है।