यूपी – लखीमपुर खीरी: बाजार से लौट रही महिला को दबोच ले गया मगरमच्छ, खेत में पड़ा मिला थैला और मांस का टुकड़ा – INA

लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र के कफारा गांव में शनिवार शाम बाजार से घर लौट रही महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ उसे नाले में खींच ले गया। महिला देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार सुबह बुढ़िया नाले के पास खेत में उसके कपड़े, सब्जी से भरा झोला और मांस का टुकड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने मगरमच्छ के महिला को नाले में खींच ले जाने की आशंका जताई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू करा दी। 

धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के टपरी कफारा निवासी गंगा देवी (55) पत्नी गुड्डू कोरी शनिवार शाम करीब छह बजे कफारा की साप्ताहिक बाजार से सब्जी आदि खरीदकर घर लौट रही थीं। ग्रामीणों के मुताबिक, वह खेतों में भरे पानी से होकर गुजर रही थीं। इसी दौरान पानी में मौजूद मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें दबोचकर बुढ़िया नाले की ओर खींच ले गया।

देर रात तक गंगा देवी के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और पड़ोसियों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह नाले के पास खेत में उनके कपड़े, सब्जी से भरा झोला और मांस का टुकड़ा मिला। सामान मिलने के बाद ग्रामीणों ने महिला को मगरमच्छ द्वारा खींचे जाने की आशंका जताई।


Credit By Amar Ujala

Back to top button