दिल्ली की प्रमुख नागरिक सुविधाओं और समस्याओं की व्यापक समीक्षा:सफाई रोज की व्यवस्था बने, सड़क खुदाई के बाद तुरंत हो मरम्मत: एलजी- INA NEWS

दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार टीएस संधू ने नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार के साथ राजधानी की प्रमुख नागरिक सुविधाओं और समस्याओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में सफाई व्यवस्था, जलभराव, आवारा मवेशियों के प्रबंधन और अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। उपराज्यपाल ने सार्वजनिक स्थलों और कॉलोनियों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कचरा जमा न हो। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह रोजाना की व्यवस्था और मानक होनी चाहिए। सड़कों की बार-बार खुदाई की समस्या पर उन्होंने सड़क काटने वाली एजेंसियों और सड़क के स्वामित्व वाली एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम पूरा होते ही सड़क की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को असुविधा न हो। जलभराव की समीक्षा के दौरान उपराज्यपाल ने नालों की गाद निकालने के समय और प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने को कहा। उन्होंने भविष्य में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। आवारा मवेशियों के प्रबंधन पर उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के साथ सड़कों को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया। वहीं, अवैध निर्माण के खिलाफ समयबद्ध और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि अनधिकृत निर्माण पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उपराज्यपाल ने एमसीडी आयुक्त से कहा कि सुशासन की असली परीक्षा नागरिकों के जमीनी अनुभव से होती है। इसलिए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के साथ कार्रवाई के ठोस परिणाम भी सुनिश्चित किए जाएं।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |