रिपोर्ट- ट्रम्प-जिनपिंग की मुलाकात से पहले ताइवान में डर:जापान-साउथ कोरिया को चिंता, चीन से डील के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति नरम न पड़ जाएं- INA NEWS

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 24 सितंबर को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करने वाले हैं। इस मुलाकात से पहले ताइवान को लेकर चिंता बढ़ गई है। जापान और साउथ कोरिया समेत अमेरिका के करीबी देशों को डर है कि चीन के साथ व्यापार में कोई बड़ा फायदा लेने के लिए ट्रम्प ताइवान पर अपना रुख नरम कर सकते हैं। ट्रम्प पहले ही कह चुके हैं कि ताइवान को हथियार देने का फैसला चीन से बातचीत में उनके काम आ सकता है। ऐसे में अगर ट्रम्प के बयान या ताइवान को लेकर अमेरिका की नीति में जरा भी बदलाव आया, तो चीन को ताइवान पर दबाव बढ़ाने का हौसला मिल सकता है। इससे इलाके में तनाव और बढ़ सकता है। चीन के लिए ताइवान सबसे बड़ा मुद्दा चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है। चीन ने साफ कहा है कि ताइवान उसके लिए बेहद अहम मुद्दा है। चीन ने कभी यह भी नहीं कहा कि वह ताइवान को अपने साथ मिलाने के लिए ताकत का इस्तेमाल नहीं करेगा। ट्रम्प और शी की मुलाकात से पहले ताइवान भी अमेरिका के सामने अपनी चिंता रख चुका है। ताइवान के सीनियर अधिकारी शेन यू-चुंग ने सोमवार को कहा कि वे चाहते हैं कि ऐसी कोई स्थिति न बने जिससे ताइवान को नुकसान हो। वहीं, ताइवान के विदेश मंत्री लिन चिया-लुंग ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका कई बार साफ कर चुका है कि ताइवान को लेकर उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अमेरिका के एक थिंक टैंक की अधिकारी एमा चैनलेट-एवरी ने कहा कि अमेरिका के करीबी देशों में इस बात को लेकर काफी चिंता है कि ट्रम्प चीन के साथ रिश्तों को किस दिशा में ले जाएंगे। ट्रम्प बोले- चीन ने ताइवान पर हमला न करने का भरोसा दिया ट्रम्प पहले कह चुके हैं कि शी जिनपिंग ने उन्हें भरोसा दिया है कि जब तक ट्रम्प राष्ट्रपति हैं, चीन ताइवान पर हमला नहीं करेगा। वहीं, ट्रम्प से पहले राष्ट्रपति रहे जो बाइडेन ने भी कहा था कि अगर चीन ताइवान पर हमला करता है तो अमेरिका उसकी रक्षा करेगा। हालांकि, ट्रम्प ने अब तक ऐसा साफ तौर पर नहीं कहा है कि चीन के हमले की स्थिति में अमेरिका ताइवान की मदद करेगा। बीजिंग में हुए एक रक्षा कार्यक्रम में अमेरिका में चीन के पूर्व राजदूत कुई तियानकाई ने मंगलवार को कहा कि ताइवान का चीन के साथ मिलना इलाके में शांति ला सकता है और यह अमेरिका के लिए भी अच्छा होगा। खबर लगातार अपडेट हो रही है…

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button