खबर शहर , Agra News: पंचायत का फैसला…शराब पी, जुआ खेला तो 500 रुपये जुर्माना – INA

बाह। टोड़ीपुरा में रविवार को आंबेडकर पार्क में सामाजिक पंचायत हुई। इसमें जुआ और शराब पीने पर रोक लगाई गई है। अमल के लिए निगरानी समिति भी बनाई गई । पकड़े जाने पर प्रति व्यक्ति 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।

पंचायत में भीमसेन, गंगाराम, रामनिवास, वीरेंद्र सिंह, चंद्रसेन, सरनाम सिंह, मुलायम सिंह, ओमप्रकाश आदि ने सामाजिक कुरीतियों पर चिंता जताई। शराब, जुआ से गृहक्लेश होने पर चिंतन किया गया। आर्थिक और सामाजिक स्थिति बिगड़ने एवं गांव की छवि धूमिल होने की बात कही गई। इसके बाद पंचायत ने शराब और जुआ पर रोक लगा दी है। रोक पर अमल के लिए 10 सदस्यीय निगरानी समिति गठित की है। इसमें अधिवक्ता अंकुर सिंह, सियाराम, प्रवीन कुमार, जोगेंद्र सिंह, अमर सिंह, सोनू, प्रताप सिंह, नीरज कुमार, प्रेमशंकर, छोटेलाल शामिल हैं। जुआ खेलने या शराब पीने के दोषी पाए जाने पर जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माने की रकम गांव के विकास कोष में जमा होगी।

पिछले साल महिलाओं ने किया था प्रदर्शन, कहा-नशे से उजड़ रहे परिवार

– टोड़ीपुरा गांव के नुक्कड़ से शराब का ठेका हटाए जाने के लिए महिलाओं ने पिछले साल प्रदर्शन किया था। महिलाओं ने शराब के नशे से उजड़ रहे परिवारों को बचाने के लिए ठेका को हटाए जाने की मांग की थी। पुलिस ने महिलाओं को सड़क से समझाबुझाकर हटाया था। उनके प्रस्ताव को आबकारी विभाग को भेजे जाने का आश्वासन दिया था।


Credit By Amar Ujala

Back to top button