यूपी – लखीमपुर खीरी में बड़ी वारदात: स्कूल में बच्चों के सामने शिक्षिका की हत्या, आरोपी ने खुद को भी मारी गोली – INA

लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रेन अकेडमी स्कूल में एक युवक ने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बच्चों के सामने हुई, जिससे स्कूल में सनसनी फैल गई और मासूम सहम गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। स्कूल के बाहर लोगों और अभिभावकों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: खेत में घास काट रहे युवक को अजगर ने जकड़ा, साथियों ने बचाई जान; देखें वीडियो
तमंचे से मारी गोली
शुरुआती जांच में सामने आया है कि शहर कोतवाली के नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी स्कूल में घुसा था। उसने पहली मंजिल पर जाकर क्लासरूम के बाहर शिक्षिका निशात फातिमा को तमंचे से गोली मारी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस अधिकारी स्कूल स्टाफ से पूछताछ कर रहे हैं। घटना के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया गया।