Sports- एशियाड में भारतीय रोइंग टीम में विवाद: आखिरी वक्त पर कई क्रू बदले, खिलाड़ियों ने ट्रेनिंग से दूरी की दी धमकी -#INA

एशियन गेम्स 2026 में रोइंग स्पर्धा शुरू होने से पहले भारतीय खेमे में विवाद खड़ा हो गया है। कई क्रू में आखिरी वक्त पर बदलाव किए जाने के बाद कुछ रोअर्स के परेशान होने की खबर है। कुछ खिलाड़ियों ने ट्रेनिंग का बहिष्कार करने की बात भी कही है। रोइंग की स्पर्धाएं बुधवार से शुरू होनी हैं। पहले इन्हें 20 सितंबर से शुरू होना था, लेकिन टाइफून डुजुआन के खतरे के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को कई रोअर्स को उन स्पर्धाओं से हटाकर दूसरे इवेंट में भेज दिया गया, जिनमें वे मूल रूप से शामिल थे। वहीं, कुछ रिजर्व खिलाड़ियों को पहली टीम में शामिल किया गया। बदलावों के बाद कुछ खिलाड़ी काफी परेशान बताए जा रहे हैं। एक रोअर ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, ‘कुछ रोअर्स ने अभी तक खाना नहीं खाया है, क्योंकि वे मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि क्या करना है।’ स्थिति पर नजर रख रहे एक अधिकारी ने भी पीटीआई से कहा, ‘यह बहुत दुखद है, लेकिन रोइंग टीम में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।’