सीजी- छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का नया शिकार: विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का फोन हैक, पार्सल के नाम पर आया था कॉल – INA

छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक विधायक को ही निशाना बना लिया। पाली-तानाखार विधानसभा के विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का मोबाइल फोन हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर्स उनके व्हाट्सऐप नंबर से उनके परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को पैसे मांगने के मैसेज भेज रहे हैं।

पार्सल के संबंध में आया था फोन

जानकारी के अनुसार, विधायक मरकाम के पास एक पार्सल के संबंध में फोन आया था। फोन पर बात होने के कुछ देर बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद से उनके व्हाट्सऐप नंबर से लगातार लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं कि उन्हें अर्जेंट 76 हजार रुपये की जरूरत है।कई लोगों को लगा कि विधायक जी को सच में पैसों की जरूरत है, लेकिन कुछ सजग शुभचिंतकों ने इसकी जानकारी सीधे विधायक को दी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

विधायक ने लोगों को किया अलर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने तत्काल अपने सभी शुभचिंतकों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को अलर्ट किया। उन्होंने सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से संदेश दिया कि उनका नंबर हैक हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें।विधायक ने स्पष्ट कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार के पैसों की कोई जरूरत नहीं है। यह हैकर्स की करतूत है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह के झांसे में नहीं आने की अपील की।

साइबर सेल को भेजा गया मामला

इधर, विधायक ने पूरे मामले की सूचना पाली थाना प्रभारी को दे दी है। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि विधायक की ओर से मोबाइल हैक होने की सूचना दी गई है। मामले को साइबर सेल को भेज दिया गया है और साइबर सेल के माध्यम से . की कार्रवाई की जा रही है। नंबर को रिकवर करने और हैकर्स का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें-   सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार के इनामी मुख्य आरोपी का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली; साथी भी घायल

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

गौरतलब है कि इस तरह की ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पहले आम लोगों के नंबर हैक होने के मामले सामने आते थे, अब जनप्रतिनिधि भी साइबर ठगी के निशाने पर आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी परिचित के नंबर से पैसे मांगने का मैसेज आए तो पहले फोन करके उसकी पुष्टि जरूर कर लें।


Credit By Amar Ujala

Back to top button