खबर शहर , यूपी: वेडिंग डेस्टिनेशन बनेगी ताजनगरी, विशेषज्ञों ने किया मंथन; एक्सपो में पांच हजार से अधिक लोग हुए शामिल – INA

आगरा के ताज कन्वेंशन सेंटर में चल रहे दो दिवसीय इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 में दूसरे दिन मंगलवार को विशेषज्ञों ने वेडिंग सेक्टर के भविष्य पर मंथन किया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में बदलाव के लिए नेता, नीति और नीयत तीनों का होना जरूरी है। सरकार वेडिंग उद्यमियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की ओर से आयोजित कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि ने कहा कि आगरा के आतिथ्य और खानपान उद्योग की देशभर में सराहना होती है। राज्य सरकार नई पर्यटन नीति के जरिये इस सेक्टर से जुड़े उद्यमियों को . बढ़ाने का प्रयास कर रही है। गृहकर और टीटीजेड में दी जा रही राहत इसी नीयत का हिस्सा है।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने कहा कि पर्यटन नीति-2022 के तहत उद्यमियों को कई सहूलियतें दी गई हैं। इनमें भूमि खरीद पर सात प्रतिशत स्टांप शुल्क में छूट और छोटे निवेशकों को बैंक ऋण पर 25 प्रतिशत तक की सब्सिडी जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी से इस सेक्टर में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि आगरा की पहचान पर्यटन और मोहब्बत के शहर के रूप में है। अब इसे देश के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए संगठित प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान यूपी टूरिज्म, एंटरटेनमेंट की क्रांति और आतिथ्य का भविष्य जैसे सत्रों में रजनी नायर, अमूल्य कक्कड़ सहित अन्य विशेषज्ञों ने विचार रखे। अंत में ताज कन्वेंशन के महाप्रबंधक राजेश चक्रवर्ती ने आभार जताया।
स्मारिका का किया विमोचन
कॉन्क्लेव के दौरान अतिथियों ने एसोसिएशन की स्मारिका (वेडिंग मैग) का विमोचन किया। मंच पर नवनियुक्त संयुक्त सचिव सनी गुप्ता व शिरीष सिन्हा को सम्मानित किया गया। वहीं, 2027 के एक्सपो के लिए मनीष सिंघल को राष्ट्रीय संयोजक और अमित गोयल को स्वीट्स एंड वेडिंग हैंपर का चेयरमैन घोषित किया गया।
खाने का बदल गया ट्रेंड
बियोंड द बैंक्वेट सत्र में विशेषज्ञों ने बताया कि अब शादियां सिर्फ हॉल तक सीमित नहीं हैं। कैटरिंग में मिनिएचर फूड और थीम आधारित इंस्टॉलेशन का चलन तेजी से बढ़ा है। पारंपरिक भोजन परोसने की जगह अब छोटे आकार में तैयार आकर्षक व्यंजनों और अनुभव आधारित फूड प्रेजेंटेशन ने ले ली है।
50 से अधिक स्टाॅलों पर आए 5000 लोग
दो दिवसीय एक्सपो में पांच हजार से अधिक लोगों ने शिरकत की। 50 से अधिक स्टाॅलों पर वेडिंग प्लानर, फैशन, फोटोग्राफी, इत्र, डेकोर, क्रूज, डीजे और कैटरिंग सहित वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े नए उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। विजिटर्स ने स्टॉल विजिट, नेटवर्किंग के साथ नई जानकारियां जुटाईं और सेवा प्रदाताओं से संवाद किया।