यूपी – यूपी: विमान संचालन पर भी खराब मौसम का असर, रांची जाने वाली दो उड़ानें लखनऊ डायवर्ट; एक रद्द – INA

रांची में गुरुवार देर शाम से खराब मौसम का असर विमान संचालन पर भी पड़ रहा है। मौसम खराब होने के कारण रांची जा रही इंडिगो एयरलाइंस की दो उड़ानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें बेंगलुरु से रांची जा रही उड़ान 6ई221 और दिल्ली से रांची जा रही उड़ान 6ई5023 शामिल हैं।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बेंगलुरु से रांची जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई221 (एयरबस ए320) रात करीब 9:45 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। रांची में मौसम साफ नहीं होने के कारण विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही खड़ा रखा गया। विमान में सवार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था होटल में की गई। विमान के शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे रांची के लिए रवाना होने की संभावना है।
वहीं, दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई5023 (एयरबस ए320) भी मौसम खराब होने के कारण लखनऊ डायवर्ट की गई। यह विमान रात करीब 10:20 बजे लखनऊ पहुंचा। करीब डेढ़ घंटे तक विमान को एयरपोर्ट पर खड़ा रखने के बाद रांची का मौसम सामान्य नहीं होने पर इसे यात्रियों समेत रात 11:50 बजे वापस दिल्ली भेज दिया गया।
इसके अलावा गुरुवार रात 11:10 बजे लखनऊ से रांची जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई221 को भी रांची में मौसम अधिक खराब होने के कारण रद्द कर दिया गया।
लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से डायवर्ट की गई उड़ानों और यात्रियों को आवश्यक परिचालन सहायता और अन्य जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया गया।