सीजी- युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी वोटिंग: भिलाई आईटीआई में ऑनलाइन वोट डलवाए, शिकायत लेकर थाने पहुंचा प्रत्याशी – INA

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में कथित फर्जी मतदान का मामला सामने आया है। भिलाई के सरकारी आईटीआई में फर्जी मतदाता पहचान पत्र तैयार कर ऑनलाइन वोट डलवाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अर्जुन शर्मा ने सेक्टर-10 निवासी अनिल सिंह और उनके सहयोगियों पर वोट मैनेज कराने का आरोप लगाते हुए खुर्सीपार थाने में शिकायत दी है।

एआई तकनीक से गड़बड़ी का आरोप

मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें खुर्सीपार स्थित सरकारी आईटीआई में युवाओं से ऑनलाइन वोटिंग कराने का दावा किया गया है। चुनाव में फर्जी पहचान के लिए वर्चुअल नंबरों और ओटीपी के माध्यम से फर्जी मतदान की शिकायतें भी सामने आई हैं। कुछ शिकायतों में तस्वीरों के आधार पर एआई तकनीक से वीडियो तैयार कर चुनावी एप पर अपलोड करने का दावा किया गया है।

दुर्ग ग्रामीण और बिलासपुर सहित अन्य जिलों से भी मतदान के अंतिम दिनों में फर्जी मतदान की शिकायतें सामने आई हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस की ऑनलाइन वोटिंग 29 सितंबर को समाप्त हो गई है और अब स्क्रूटनी की प्रक्रिया चल रही है। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान फर्जी पाए जाने वाले वोटों को निरस्त किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: रायगढ़ में अनोखा आयोजन: हाथी के नन्हे शावक की छठी मनाई, ग्रामीणों ने जंगल में पूजा कर रखी दावत

प्रचार के दौरान झड़प और प्राथमिकी दर्ज

दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में चुनाव के दौरान लगातार विवाद सामने आए हैं। इससे पहले सितंबर की शुरुआत में खुर्सीपार में प्रचार के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ था। भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रोबिन सिंह के प्रचार में पहुंचीं कांग्रेस पार्षद सुभद्रा सिंह और उनके बेटे रोहन सिंह की दूसरे पक्ष के प्रत्याशी अर्जुन शर्मा के भाई शुभम शर्मा से बहस हो गई थी। इस दौरान दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

वहीं नेहरू नगर में एक पिज्जा डिलीवरी बॉय से मारपीट की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दुर्ग ग्रामीण जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमन सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ सुपेला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना को लेकर भी रिपोर्ट सामने आई थी।

भारतीय जनता पार्टी ने साधा निशाना

युवा कांग्रेस चुनाव में लगातार विवादों और फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पर निशाना साधा है। इससे पहले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने भी युवा कांग्रेस चुनाव में कथित फर्जी मतदान, मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट मैनेजमेंट के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा था।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button