बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ता से फोन पर बातचीत में के मडराक विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ उदयवीर सिंह को अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना महंगा पड़ा। ऑडियो वायरल होने के बाद एसएसओ की सेवा समाप्त कर उपकेंद्र से हटा दिया गया। आरोप है कि उन्होंने शासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया था।
पांच अक्तूबर की रात विद्युत कटौती हुई थी। इसी को लेकर हुई बातचीत का ऑडियो छह अक्तूबर को वायरल हुआ। मामला संज्ञान में आते ही विद्युत विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। अधीक्षण अभियंता देहात उमेश जैन ने इस कार्रवाई की पुष्टि की। उदयवीर सिंह के खिलाफ मडराक थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। वह 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मडराक पर उपकेंद्र एसएसओ के पद पर तैनात थे।
अधीक्षण अभियंता देहात उमेश जैन ने बताया कि उदयवीर सिंह की सेवाएं उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के माध्यम से ली गई थीं। इस मामले में निगम के एजीएम ऑपरेशन को . की विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।