यूपी – शाहजहांपुर: बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, धान की फसल को भारी नुकसान, किसानों की चिंता बढ़ी – INA

शाहजहांपुर जिले में बुधवार रात से शुरू हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रात करीब आठ बजे से कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हुई। शाहजहांपुर शहर में रात करीब नौ बजे बारिश हुई, कुछ देर रुकने के बाद मध्यरात्रि से फिर बारिश शुरू हो गई। बृहस्पतिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान करीब 35 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। लोगों को आवागमन में परेशानी हुई, वहीं कई बच्चे बारिश और जलभराव के कारण स्कूल नहीं पहुंच सके। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान फसलों को हुआ है।