द्वारका में 33.27 करोड़ से बना आधुनिक सरकारी स्कूल:75 कक्षाएं, 12 स्मार्ट क्लासरूम और 40 कंप्यूटर वाली आईसीटी लैब की सुविधा- INA NEWS

द्वारका के सेक्टर-16बी में 33.27 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक सरकारी स्कूल तैयार किया गया है। करीब 8 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस स्कूल में 2 हजार विद्यार्थियों के पढ़ने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को इसका उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्कूल में 75 कक्षाएं हैं, जिनमें 12 स्मार्ट क्लासरूम शामिल हैं। यहां 40 कंप्यूटर वाली आईसीटी लैब, भाषा प्रयोगशाला और विज्ञान प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप और लिफ्ट की सुविधा भी है। परिसर में वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित की गई है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने आम आदमी पार्टी की पिछली सरकार के ‘शिक्षा क्रांति’ के दावों को प्रचार तक सीमित बताते हुए कहा कि उसका शिक्षा मॉडल कुछ चुनिंदा इलाकों तक केंद्रित था। उन्होंने कहा कि द्वारका में आधुनिक स्कूल बनना पश्चिमी दिल्ली और ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार का प्रमाण है। शिक्षा में वास्तविक सुधार के लिए प्रचार के बजाय बेहतर सुविधाएं और परिणाम जरूरी हैं। डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दिल्ली के सभी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि स्मार्ट डिस्प्ले और क्रोमबुक के लिए बजटीय प्रावधान किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नरेला, हरि नगर और शाहदरा सहित विभिन्न आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण देने के लिए दिल्ली स्किल मिशन शुरू करने की तैयारी है। सूद के अनुसार, करीब 700 करोड़ रुपए की शैक्षणिक परियोजनाओं में पॉलिटेक्निक भवन, उन्नत विनिर्माण सुविधाएं और एनएसयूटी में बालिका छात्रावास शामिल हैं। प्रस्तावित 400 करोड़ रुपए की स्टार्टअप नीति के तहत 10 हजार स्टार्टअप को सहयोग और 4 लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य है। छात्राओं को अब तक 25 हजार से अधिक मुफ्त साइकिलें भी वितरित की गई हैं।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |