यूपी – यूपी बोर्ड: 5 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं, हाथरस में 49,700 परीक्षार्थी होंगे शामिल, यहां देखें स्कीम – INA

माध्यमिक शिक्षा परिषद् उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं का परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेंगी।

जिले में इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं का बड़ा आंकड़ा सामने आया है। जिले में हाईस्कूल के करीब 26,400 और इण्टरमीडिएट के करीब 23,300 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। 49,700 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए विभाग की ओर से 103 परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। 

सभी प्रस्तावित केंद्रों पर मानकों के अनुरूप सीसीटीवी कैमरे, वायस रिकॉर्डर, चहारदीवारी और मूलभूत सुविधाओं का सत्यापन कराया जा रहा है। डीआईओएस नीरज गोयल ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के साथ ही विद्यालयों में पाठ्यक्रम को समय से पूरा कराने पर जोर है। बोर्ड से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी केंद्रों का अंतिम निर्धारण समय रहते पूरा कर लिया जाएगा।


दो पालियों में होंगी परीक्षाएं


परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली का समय सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक रहेगा। पांच फरवरी को प्रातः पाली में हाईस्कूल की प्रारंभिक हिंदी व हिंदी, दूसरी पाली में इण्टरमीडिएट की सामान्य हिंदी व हिन्दी विषय की परीक्षा होगी। इसके बाद प्रमुख विषयों में 10 फरवरी को हाईस्कूल अंग्रेजी, 12 फरवरी को गृह विज्ञान, 13 फरवरी को गणित तथा 17 को विज्ञान विषय की परीक्षा होगी। इसी तरह इंटरमीडिएट में आठ फरवरी को अंग्रेजी, 12 फरवरी को जीव विज्ञान व गणित, 15 फरवरी को रसायन विज्ञान और 17 फरवरी को भौतिक विज्ञान की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button