UP News: कानपुर: फार्म हाउस में घुसे दो नकाबपोश, BJP नेता को बंधक बनाकर लूटे 15 लाख, नौकर समेत 14 लोग हिरासत में – INA
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश सिंह यादव को बंदूक के दम पर बंधक बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. दरअसल, बदमाशों ने घटना को उस समय अंजाम दिया जब बीजेपी नेता अपने फार्म हाउस पर थे. इसी दौरान उनको बंधक बनाकर करीब 15 लाख रुपए और सोने की दो चेन लूट ली गईं. पुलिस ने मामले में 14 लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, कानपुर के सेन पश्चिम पारा क्षेत्र में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश सिंह यादव का फार्म हाउस है जहां वो पहुंचे थे. सोमवार शाम को बंदूकधारी बदमाश शायद पहले से ही उनकी फिराक में बैठे थे. बदमाशों ने उनको बंदूक दिखाकर 15 लाख रुपए नगद और दो सोने की चैन लूट ली. घटना के बारे में पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को जानकारी दी. वहीं पुलिस ने शक के आधार पर 14 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है जिसमें बीजेपी नेता के चार सुरक्षाकर्मी, चार अंगरक्षक, चालक और नौकर शामिल हैं.
नकाबपोश बदमाशों ने बनाया था बंधक
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख यादव सोमवार रात लखनऊ से लौटने के बाद अपने फार्महाउस में ठहरे थे, तभी दो नकाबपोश व्यक्ति वहां दाखिल हुए और उन्हें बंधक बनाने के उपरांत नकदी और गले में पहनी सोने की दो चेन लूटकर फरार हो गए. हालांकि इस दौरान वो किसी तरह खुद की जान बचाकर भागने में सफल रहे और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) विपिन ताडा और पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भाजपा नेता के फार्महाउस पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस को शक है कि वारदात में जान-पहचान वाले लोगों की मिलीभगत हो सकती है. संदेह है कि आरोपियों को फार्महाउस में रखी नकदी के बारे में पहले से जानकारी रही होगी.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस आयुक्त ने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की खंगाली जा रही हैं, लेकिन उसमें किसी संदिग्ध का चेहरा नजर नहीं आ रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने का सुराग तलाश रही हैं. वहीं उन्होंने कहा कि सीसीटीवी में सामने आई चारदीवारी के पास हुई कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रहे हैं.
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी, अपर पुलिस आयुक्त अरीबा नोमान और अपर पुलिस आयुक्त कृष्णकांत यादव के नेतृत्व में करीब छह टीमों का गठन किया गया है. जल्द ही हम आरोपियों तक पहुंचेंगे. पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और लूटी गई नकदी तथा कीमती सामान बरामद करने के प्रयास कर रही है.
कानपुर: फार्म हाउस में घुसे दो नकाबपोश, BJP नेता को बंधक बनाकर लूटे 15 लाख, नौकर समेत 14 लोग हिरासत में
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,