खबर शहर , Agra News: मंगनी में शामिल दोस्त ही निकला दगाबाज – INA

आगरा। फिरोजाबाद के युवक का रिश्ता आगरा के लोहामंडी क्षेत्र में तय हुआ। उसकी मंगनी में आए युवक के दोस्त ने मंगेतर किशोरी का नंबर ले लिया। इसके बाद वीडियो काॅल पर बात करने लगा। एक दिन अश्लील वीडियो बना ली और ब्लैकमेल करने लगा। बात मानने से इन्कार करने पर उसने मंगेतर के पास वीडियो भेजकर रिश्ता तुड़वाने की कोशिश की।
पीड़ित परिवार के अनुसार, पिछले साल 15 साल की बेटी का रिश्ता फिरोजाबाद के एक युवक से तय किया गया था, जिसमें बालिग होने पर विदाई की शर्त थी। इस बीच युवक के दोस्त सोहेब ने किशोरी से संपर्क कर उसे बहलाना शुरू कर दिया। वीडियो कॉल के माध्यम से उसने अश्लील तस्वीरें बना लीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर अपने पास आने का दबाव बनाने लगा। जब किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके मंगेतर के मोबाइल पर वह अश्लील वीडियो भेज दिए।
परिजन को जब इस घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया है कि पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।