दिल्ली की चार मंडियों का होगा कायाकल्प:केशोपुर में 9.48 करोड़ से बनेंगी सड़कें; आजादपुर में 30 साल पुरानी सीवर लाइन बदलेगी- INA NEWS

दिल्ली सरकार केशोपुर, आजादपुर, नरेला और गाजीपुर मंडियों का विकास और आधुनिकीकरण करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विकास मंत्री कपिल मिश्रा के साथ केशोपुर फल एवं सब्जी मंडी में 9.48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। यहां 20 साल से अधिक पुरानी आंतरिक सड़कों का पुनर्निर्माण होगा। इससे व्यापारियों, किसानों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि नरेला की करीब 33 एकड़ में फैली नई अनाज मंडी में दो अस्थायी शेड बनाए जाएंगे। इससे अनाज को बारिश और खराब मौसम से बचाया जा सकेगा। आजादपुर मंडी में सुधरेगा ड्रेनेज सिस्टम आजादपुर नई सब्जी मंडी के बी और सी ब्लॉक में करीब 30 साल पुरानी सीवर और ड्रेनेज लाइनों की मरम्मत होगी। इससे जलभराव और गंदगी की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। मंडी के प्रवेश और निकास द्वार पर स्लो स्पीड वे इन मोशन सिस्टम लगेगा। इससे वाहनों को रोके बिना वजन हो सकेगा और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तैयार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडियों में अगले 100 वर्षों की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। टिकरी खामपुर मंडी के विकास के लिए कंसल्टेंट नियुक्त किए जा चुके हैं। 30 साल से अटके काम होंगे पूरे विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मंडियों में 15 से 30 साल से लंबित विकास कार्यों को गति दी जा रही है। नरेला मंडी के विस्तार के साथ अगले वित्त वर्ष में नई फूल मंडी का निर्माण शुरू करने की योजना है। खामपुर में विश्वस्तरीय आधुनिक मंडी विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य किसानों, व्यापारियों और मजदूरों को बेहतर सुविधाएं देना है।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button