खबर शहर , आगरा: बेटे को परेशान देख मां ने पूछा कारण, सामने आई प्रताड़ना की ऐसी कहानी; पुलिस से लगाई गुहार – INA

आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के नगला हरीराम गांव निवासी एक विधवा महिला ने क्षेत्र के गांव जामपुर निवासी एक दंपती पर उसके बेटे को कथित रूप से अपने जाल में फंसाकर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने तथा रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना बरहन पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता मुन्नी देवी पत्नी दिवंगत अजीत कुमार ने प्रार्थना पत्र दिया है कि उनका बड़ा बेटा नीरज कुमार ड्राइवर है और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि जामपुर निवासी दंपती ने पिछले कई महीनों से नीरज को अपने प्रभाव में ले रखा है। महिला का आरोप है कि बेटे पर दबाव बनाकर उसके कोर्ट मैरिज संबंधी कागजात तैयार कराए, जबकि दंपती जामपुर स्थित घर में ही रहते हैं।

मुन्नी देवी का कहना है कि दंपती उसके बेटे को कथित रूप से डराते-धमकाते रहे हैं और उस पर दबाव बनाकर रुपये लेते रहे हैं। बेटे को मानसिक रूप से परेशान देखकर जब उन्होंने उससे परेशानी का कारण पूछा, तब पूरे मामले की जानकारी हुई। महिला के अनुसार, रुपये के लेनदेन से संबंधित बैंक विवरण भी उसके बेटे के पास उपलब्ध है। पीड़िता ने थाना बरहन पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी शिकायत दर्ज करने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button