UP News: मुजफ्फरनगर: जेब में फटा मोबाइल, बाइक से गिरकर युवक की मौत; दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया – INA

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक युवक बाइक से जा रहा था. इसी बीच उसकी जेब में रखे मोबाइल फोन की बैटरी फट गई. धमाके के बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा. इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान रहमतपुर गांव निवासी 40 वर्षीय विकास अंतल के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है.
हादसे के बाद विकास को मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया. वहां से परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे आरोग्य हॉस्पिटल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. विकास खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर काम करता था. उसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा है. मंगलवार को जब उसका शव गांव पहुंचा तो परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
मां को ननिहाल छोड़कर लौट रहा था विकास
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक के पास हुआ. विकास अपनी मां को माजरा गांव स्थित ननिहाल छोड़कर बाइक से रहमतपुर लौट रहा था. इसी दौरान उसकी जेब में रखे मोबाइल फोन की बैटरी में अचानक धमाका हो गया.
धमाके के बाद विकास का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा. हादसे में उसके हाथ और छाती पर चोट लगने की बात सामने आई है. सड़क पर गिरने से उसके सिर में भी गंभीर चोट लगी थी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए आरोग्य हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सिर में चोट लगने से मौत की आशंका
विकास के पड़ोसी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपनी मां को मामा के घर छोड़ने गया था. वहां से लौटते समय वहलना चौक के आसपास उसके मोबाइल की बैटरी फट गई. इसके बाद वह बाइक से गिर पड़ा. पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.
शैलेंद्र ने बताया कि विकास का व्यवहार बहुत अच्छा था और उसके साथ घनिष्ठ संबंध थे. वह खाईखेड़ी शुगर मिल में काम करता था. उसकी मौत से परिवार को बड़ा सदमा लगा है.
खालापार थाना अध्यक्ष विजय सिंह ने फोन पर बताया कि मोबाइल की बैटरी फटने के बाद बाइक सवार संतुलन खोकर सड़क पर गिर गया था. गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी. आशंका है कि मौत की वजह सिर में लगी चोट हो सकती है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
सांसद की पत्नी ने परिवार को बंधाया ढांढस
हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं. उसने विकास के पिता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं. साथ ही परिवार को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया.
विकास की मौत से उसके बुजुर्ग माता-पिता और पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया. फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत की सही वजह स्पष्ट हो सके.
मुजफ्फरनगर: जेब में फटा मोबाइल, बाइक से गिरकर युवक की मौत; दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,