यूपी – मतदाता सूची फर्जीवाड़ा: पीलीभीत के 150 बूथों की पड़ताल शुरू, पांच एईआरओ पर कस सकता है शिकंजा – INA

पीलीभीत की सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हुई अनियमितता के मामले में अमरिया तहसील के 150 बूथों और पांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की भूमिका की पड़ताल शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही, जिला प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतते हुए जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भी मतदाता सूचियों की क्रॉस चेकिंग शुरू करा दी है।
सदर कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना शुरू कर दी है। उधर, अमरिया के तहसीलदार, ललौरीखेड़ा व अमरिया के बीईओ और बीडीओ भी जांच के घेरे में हैं। जांच में सामने आया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) की आईडी-पासवर्ड का इस्तेमाल कर बिना मूल आवेदनों के ही फॉर्म-8 की 13,779 प्रविष्टियां दर्ज की गईं।
31 मई से 29 अगस्त 2026 के बीच इनमें से 10,470 प्रविष्टियां स्वीकृत और 3,309 अस्वीकृत की गईं, लेकिन इनसे संबंधित रिकॉर्ड कार्यालय में नहीं मिले। सपा और कांग्रेस द्वारा लगातार निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं द्वारा अन्य सीटों पर भी गड़बड़ी के दावे के बाद डीएम आलोक कुमार ने पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित बूथों पर सूची के संशोधन का काम जारी है और जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।