खबर शहर , यूपी: आगरा में MLC चुनाव के लिए दोबारा मतदान, तीन बूथों पर भारी पुलिस बल तैनात; अधिकारी कर रहे निगरानी – INA

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के तहत तीन मतदान केंद्रों पर आज, 26 अक्तूबर को पुनर्मतदान कराया जा रहा है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, खैरागढ़, सैंया और फतेहाबाद स्थित तीन बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

समाजवादी पार्टी द्वारा बूथ कैप्चरिंग और धांधली के आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने 23 अक्तूबर को हुए मतदान को रद्द कर दोबारा वोटिंग का निर्णय लिया था।

खेरागढ़ में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

तहसील कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर सोमवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पुनर्मतदान शुरू हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की भारी मौजूदगी देखी जा रही है। एडिशनल डीसीपी मनोज कुमार सुबह से ही मतदान केंद्र पर डटे हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। मतदान शुरू होने के बाद पहला मतदाता सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर केंद्र पर पहुंचा।

फतेहाबाद में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान

ब्लॉक कार्यालय फतेहाबाद स्थित बूथ संख्या 26 पर एमएलसी चुनाव के लिए सोमवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्मतदान शुरू हो गया। मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर गलियों को बंद कर दिया गया है, जिससे कोई बाहरी व्यक्ति मतदान केंद्र तक न पहुंच सके।

पुनर्मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। पुलिसकर्मी आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे हैं। वहीं, डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल और उप जिलाधिकारी फतेहाबाद स्वाति शर्मा मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

खेरागढ़ में पड़े 226 वोट

पुनर्मतदान के दाैरान आगरा के खेरागढ़ बूथ पर कुल 438 मतों में से 226 वोट पड़े हैं। 23अक्टूबर को हुए मतदान के दाैरान 432 वोट पड़े थे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button