UP News: UP में चक्रवात ‘अर्णब’ का असर! 28 से 31 अक्टूबर तक खराब रहेगा मौसम, कहीं भारी बारिश तो कहीं चलेंगी तेज हवाएं – INA

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में चक्रवात अर्णब के संभावित प्रभाव को देखते हुए मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. कुछ इलाकों में भारी बारिश और आंधी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं. राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से एडवाइजरी जारी कर लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है. बारिश के कारण दिन के तापमान में भी 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है.
28 अक्टूबर को पूर्वांचल के जिलों में येलो अलर्ट
मौसम के संभावित बदलाव का असर सबसे पहले पूर्वांचल के कई जिलों में दिखाई दे सकता है. 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी होने की जानकारी दी गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. प्रशासन ने इन जिलों के लोगों को मौसम पर नजर रखने और आंधी के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है. किसानों को भी खेतों में रखी फसल और कृषि उपज को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है.
ये भी पढे़ं- Aaj Ka Mausam: यूपी-बिहार से लेकर पंजाब तक आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली- हिमाचल समेत 22 राज्यों का हाल
29 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका
29 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है. इस दौरान भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी होने की जानकारी भी दी गई है. तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचने और कमजोर संरचनाओं के प्रभावित होने का खतरा रह सकता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
30 अक्टूबर को अवध और तराई में भी बारिश का अनुमान
30 अक्टूबर को बारिश का दायरा पूर्वांचल से आगे अवध और तराई के जिलों तक बढ़ सकता है. बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है. लगातार बारिश के चलते दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को दिन के समय भी ठंडक महसूस हो सकती है. 31 अक्टूबर तक मौसम में बदलाव का असर बने रहने का पूर्वानुमान है. हालांकि, अलग-अलग जिलों में बारिश और तेज हवाओं की स्थिति मौसम के ताजा अपडेट के अनुसार बदल सकती है.
आंधी-बारिश के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
राहत आयुक्त कार्यालय की एडवाइजरी में लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है. आंधी आने पर सुरक्षित और पक्के भवनों के अंदर रहने की सलाह दी गई है. पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है. बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, तालाबों और अन्य जलाशयों के पास जाने से बचना चाहिए. किसानों को फसल और कृषि उपज सुरक्षित स्थान पर रखने के साथ पशुधन को भी सुरक्षित जगह पर रखने की सलाह दी गई है.
मौसम के अपडेट पर नजर रखने की अपील
प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और सचेत ऐप पर नजर रखने को कहा है. किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करना जरूरी है. संभावित खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे पहले से सावधानी बरतें, ताकि बारिश और तेज हवाओं के दौरान जान-माल के नुकसान की आशंका को कम किया जा सके.
UP में चक्रवात ‘अर्णब’ का असर! 28 से 31 अक्टूबर तक खराब रहेगा मौसम, कहीं भारी बारिश तो कहीं चलेंगी तेज हवाएं
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,