यूपी – कानपुर: जीटी रोड पर कट से अचानक मुड़ना पड़ा भारी, डीसीएम का पिछला पहिया तीन साल की बच्ची पर चढ़ा, मौत – INA

जीटी रोड पर कार्डियोलॉजी के सामने बने कट से अचानक मुड़ना स्कूटी सवार दंपती के लिए जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार देर रात करीब 11:15 बजे कट पर मुड़ते समय तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से स्कूटी सवार दंपती सड़क पर गिर पड़े। गोद में बैठी उनकी नाया (3) भी सड़क पर जा गिरी और डीसीएम का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे में बच्ची की मौत हो गई, जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने डीसीएम चालक और क्लीनर को पकड़कर पीट दिया।

इटावा के औरंगाबाद निवासी विशाल गुप्ता आरओ का काम करते हैं। वह पत्नी हर्षिता और तीन साल की बेटी नाया के साथ नवाबगंज में किराये पर रहते हैं। परिजनों के शादी से एतराज और मनमुटाव के चलते दोनों ने शादी की थी। इसके बाद करीब एक साल से कानपुर में रह रहे थे।

विशाल के मुताबिक, मंगलवार रात वह पत्नी और बेटी के साथ रावतपुर क्रॉसिंग के पास एक होटल से खाना लेकर स्कूटी से गोल चौराहे की ओर जा रहे थे। कार्डियोलॉजी के सामने कट से बाईं ओर मुड़ते समय रावतपुर चौराहे की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान डीसीएम का पिछला पहिया बच्ची के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने डीसीएम चालक और क्लीनर को पकड़कर पीट दिया। स्थानीय लोगों ने चालक के शराब के नशे में होने का आरोप लगाया। डीसीएम चालक को बनारस का रहने वाला बताया जा रहा है।

स्वरूप नगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि कट से अचानक बिना देखे मुड़ने के दौरान डीसीएम से हादसा हुआ, जिसमें बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घायल दंपती को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button