UP News: स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में निकला 5 लाख फर्जी ईमेल ID का खेल; कानपुर से आरोपी गिरफ्तार – INA

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एटीएस ने फर्जी पहचान से लाखों ईमेल आईडी बनाकर देश-विदेश में बेचने के आरोप में कानपुर नगर से अंकित शंखवार (24) को गिरफ्तार किया है. एटीएस के मुताबिक, आरोपी के लैपटॉप से करीब 5 लाख फर्जी ईमेल आईडी मिली हैं. आरोप है कि वह इन ईमेल आईडी को पाकिस्तान, बांग्लादेश समेत दूसरे देशों में बैठे भारत विरोधी तत्वों को बेचता था और बदले में क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भुगतान प्राप्त करता था. एटीएस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी 28 अक्टूबर को कानपुर से की गई. उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ है. लैपटॉप में कई एक्सेल फाइलें और क्रिप्टो वॉलेट से संबंधित जानकारी मिली है.
स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल से जुड़ा मामला
यूपी एटीएस को सूचना मिली थी कि ‘simenbriones9265@gmail.com’ नाम की ईमेल आईडी से गौतम बुद्ध नगर, दिल्ली और गुरुग्राम के विभिन्न स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे जा रहे हैं. इन ईमेल में नोएडा और अन्य शहरों के स्कूलों, पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित शो और एक प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता के घर पर बम धमाके की धमकी दिए जाने का जिक्र था. एटीएस ने ईमेल आईडी का तकनीकी विश्लेषण किया. जांच में इस आईडी का एक्सेस कानपुर नगर में होने की जानकारी मिली. इसके बाद जांच एजेंसी ने अंकित शंखवार की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें- Ghaziabad Crime News: जिम ट्रेनर के प्यार में पागल हुई पत्नी, ऐसे रची हत्या की साजिश
2021 से फर्जी ईमेल आईडी बनाने का आरोप
एटीएस के मुताबिक, पूछताछ में अंकित ने बताया कि वह वर्ष 2021 से फर्जी ईमेल आईडी बनाने का काम कर रहा था. उसने बड़ी संख्या में ऐसी आईडी बनाई थीं. आरोपी के लैपटॉप में मिली एक्सेल फाइलों में लगभग पांच लाख ईमेल आईडी होने की बात सामने आई है. इन आईडी को प्रॉक्सी सर्वर का इस्तेमाल कर फर्जी पहचान के साथ उपयोग किए जाने के लिए तैयार किया गया था.
जांच में दो महत्वपूर्ण ईमेल आईडी भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल धमकी भरे ईमेल भेजने में किए जाने की बात सामने आई है. इनमें नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम के स्कूलों को धमकी देने से जुड़ी ‘simenbriones9265@gmail.com’ और मुंबई में मेयर कार्यालय को बम विस्फोट की धमकी देने से जुड़ी ‘smithjohnson6889@gmail.com’ शामिल हैं.
फेसबुक के जरिए विदेशी लोगों से संपर्क
आरोपी फेसबुक पर मौजूद ‘Buy & Sell’ समूहों के माध्यम से फर्जी ईमेल आईडी खरीदने और बेचने के नेटवर्क से जुड़ा था. धीरे-धीरे उसका संपर्क पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की और मिस्र समेत अन्य देशों के समूहों और व्यक्तियों से हुआ. आरोप है कि वह ईमेल आईडी के साथ उनके पासवर्ड, रिकवरी ईमेल और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से संबंधित जानकारी एक्सेल शीट में दर्ज करके भेजता था. एटीएस के अनुसार, इस तरीके से अकाउंट के सुरक्षा सत्यापन को दरकिनार करने में मदद मिल सकती थी.
आरोपी ने बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम उर्फ अलामीन से फेसबुक और वॉट्सऐप के जरिए संपर्क होने की बात बताई. एटीएस का दावा है कि अलामीन को ईमेल आईडी उपलब्ध कराने के बदले आरोपी को 6,000 USDT का भुगतान किया गया था. इसके साक्ष्य आरोपी के मोबाइल फोन में मिलने की बात कही गई है.
12 और 23 अक्टूबर की धमकियों की जांच
एटीएस के अनुसार, ‘simenbriones9265@gmail.com’ का इस्तेमाल 12 अक्टूबर को नोएडा के विभिन्न स्कूलों और अन्य स्थानों पर धमकी भरे ईमेल भेजने में किया गया था. वहीं ‘smithjohnson6889@gmail.com’ से 23 अक्टूबर को मुंबई में धमकी भरे ईमेल भेजे जाने की बात सामने आई है.
जांच एजेंसी के मुताबिक, संबंधित ईमेल आईडी के पासवर्ड, रिकवरी ईमेल और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन कोड एक्सेल शीट के माध्यम से वॉट्सऐप पर भेजे जाने के साक्ष्य भी मिले हैं. आरोपी के वॉट्सऐप नंबर पर पाकिस्तान, बांग्लादेश, मिस्र, तुर्की और अमेरिका समेत विभिन्न देशों के नंबरों से संपर्क व बड़ी मात्रा में USDT लेनदेन की जानकारी मिलने का दावा किया गया है. इस मामले में यूपी एटीएस के लखनऊ स्थित थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में निकला 5 लाख फर्जी ईमेल ID का खेल; कानपुर से आरोपी गिरफ्तार
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,