Crime- यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: दो पिकअप की भिड़ंत, सड़क पर खड़ी गाड़ी बनी काल; दो की मौत -#INA

मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात माइलस्टोन 63 के समीप दो मैक्स पिकअप की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। एक पिकअप का एक्सल टूटने के कारण वह बीच सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आई दूसरी पिकअप ने उसमें टक्कर मार दी। हादसे में एक्सल टूटी मैक्स पिक अप के चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि हादसे के बाद दूसरी पिकअप का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है व सूचना परिजनों को दी है। 

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे यमुना एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम से माइलस्टोन 63 पर गांव अवाखेड़ा-कटैलिया के बीच आगरा से नोएडा की ओर सड़क हादसे की सूचना मिली। थाना प्रभारी अंजीश कुमार और उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि एक मैक्स पिकअप का एक्सल टूटने के कारण वह बीच सड़क पर खड़ी थी। चालक और परिचालक वाहन के पास खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आई दूसरी मैक्स पिकअप ने खड़ी गाड़ी में टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी नौहझील पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त शिव शंकर और इंदल निवासी ग्राम मानपुर, जिला सीतामढ़ी बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो गया। दुर्घटना करने वाली पिकअप का चालक मौके से फरार है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने पर . की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Credit By Amar Ujala

Back to top button