Technology, अब व्हाट्सएप पर मिनटों में चेक करें पीएफ बैलेंस: Epfo ने शुरू की नई सुविधा, घर बैठे कैसे देख सकेंगे पासबुक? – Epfo Whatsapp Service Launched, Check Pf Balance, Latest Transactions Without Visiting Office — INA

सार
EPFO ने व्हाट्सएप के जरिए पीएफ बैलेंस, पासबुक और हाल के पांच लेन-देन की सुविधा शुरू कर दी है। इसके साथ ही आधार से सत्यापित एक हजार रुपये तक बैलेंस वाले पात्र निष्क्रिय पीएफ खातों को ऑटोमैटिक निपटान भी किया जाएगा। इस पहल से करीब एक लाख खातों में जमा पांच करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों तक पहुंचने की उम्मीद है।

प्रोविडेंट फंड (पीएफ) खाते का बैलेंस चेक करने या पासबुक की जानकारी देखने के लिए अब कर्मचारियों को ऑनलाइन वेबसाइट्स पर अपना समय बर्बाद करने या दफ्तर के चक्कर काटने की जरुरत नहीं होगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ ने सब्सक्राइबर्स के लिए व्हाट्सएप के जरिए नई सेवाएं शुरू की हैं। इस सुविधा की मदद से कर्मचारी अपना पीएफ बैलेंस, पासबुक डिटेल और हाल के पांच लेन-देन की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने EPFO के 74वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान इस सुविधा की शुरुआत की। इसके साथ ही संगठन ने पाव इनएक्टिव यानी निष्क्रिय पीएफ खातों के स्वचालित निपटान की पहल भी शुरू की है। इसके तहत आधार से सत्यापित ऐसे निष्क्रिय खातों में, जिनमें एक हजार रुपये तक का बैलेंस है, पात्र सब्सक्राइबर्स को अपना पैसा निकालने के लिए अलग से दावा नहीं करना होगा।
व्हाट्सएप पर पीएफ से जुड़ी कौन सी सुविधाएं मिलेंगी?
ईपीएफओ की नई सुविधा के तहत त सब्सक्राइबर्स संगठन की वेरिफाइड व्हाट्सएप सेवा के जरिए अपने PF खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसमें यूजर को तीन सुविधाएं मिल सकती हैं…
- पीएफ बैलेंस:कर्मचारी अपने खाते में जमा रकम की जानकारी देख सकेंगे।
- पासबुक डिटेल्स:खाते की पासबुक से जुड़ी जानकारी एक्सेस कर सकेंगे।
- हाल के पांच लेन-देन:खाते में हुए नवीनतम पांच ट्रांजैक्शन देख सकेंगे।
ईपीएफओ कार्यालय जाने की जरूरत होगी कम
इसी के साथ इस पहल का उद्देश्य ईपीएफओ की सुविधाओं को आसानी से उपलब्ध कराना है। व्हाट्सएप जैसे परिचित मोबाइल प्लेटफॉर्म के जरिए कर्मचारी पीएफ खाते से जुड़े सामान्य सवालों के जवाब और जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे।
इससे बुनियादी सेवाओं के लिए पीएफ कार्यालय जाने की जरूरत कम होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि सब्सक्राइबर्स अपने मोबाइल पर ही बैलेंस, पासबुक और लेन-देन से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे।
निष्क्रिय पीएफ खातों का पैसा अपने आप होगा सेटल
- व्हाट्सएप सेवा के साथ केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने पात्र निष्क्रिय ईपीएफ खातों के स्वचालित निपटान की सुविधा भी शुरू की। इसके तहत ऐसे इनएक्टिव पीएफ खाते शामिल होंगे, जिनमें एक हजार रुपये तक की राशि जमा है और जो आधार से सत्यापित हैं।
- इस प्रक्रिया में पात्र सब्सक्राइबर्स को अपनी बकाया रकम निकालने के लिए अलग से दावा दाखिल नहीं करना होगा। EPFO जरूरी पहचान और बैंक खाते का सत्यापन पूरा करने के बाद खुद ही निपटान की प्रक्रिया शुरू करेगा।
- इस पहल का उद्देश्य छोटी और लंबे समय से दावा नहीं की गई पीएफ राशियों को उनके सही लाभार्थियों तक पहुंचाना है। श्रम मंत्रालय के मुताबिक, इस सुविधा से करीब एक लाख खाते लाभान्वित हो सकते हैं। इन खातों में कुल मिलाकर लगभग 5 करोड़ रुपये की रकम जमा है।
व्हाट्सएप पर पीएफ बैलेंस कैसे चेक करें?
ईपीएफओ की व्हाट्सएप सेवा का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए सब्सक्राइबर्स को कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे।
- ईपीएफओ का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर खोजें: सबसे पहले ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पास के कार्यालय का वेरिफाइड व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर चेक करें।
- व्हाट्सएप पर Hi भेजें:अब वेरिफाइड नंबर को अपने फोन में सेव करें और व्हाट्सएप पर चैट खोलकर हेल्लो लिखकर भेजें।
- अपनी भाषा चुनें:चैट शुरू होने के बाद अपनी पसंद की भाषा का विकल्प चुनें।
- जरूरी सेवा पर टैप करें: इसके बाद स्क्रीन पर पीएफ बैलेंस, पासबुक, पिछले पांच लेन-देन और PMVBRY से जुड़ी सहायता जैसे विकल्प दिखाई देंगे। अपनी जरूरत के मुताबिक विकल्प चुनें।
- ओटीपी से वेरिफिकेशन करें:खाते की जानकारी देखने के लिए मांगा गया ओटीपी दर्ज करके अपनी पहचान की पुष्टि करें।
- पीएफ खाते की जानकारी देखें:वेरिफिकेशन के बाद अपना संबंधित पीएफ खाता या मेंबर आईडी चुनें। इसके बाद आप बैलेंस, पासबुक और हाल के पांच लेन-देन की जानकारी देख सकेंगे। पासबुक डाउनलोड करने का विकल्प उपलब्ध होने पर उसे फोन में सेव भी कर सकते हैं।
- सुरक्षा का रखें ध्यान: व्हाट्सएप पर सेवा इस्तेमाल करते समय केवल ईपीएफओ के वेरिफाइड नंबर से ही बातचीत करें। किसी अनजान नंबर पर अपना यूएएन पासवर्ड, ओटीपी या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।