UP News: UGC नियमों पर सवाल करने पर कार्यकर्ता को थप्पड़, प्रयागराज में BJP पार्षद पर FIR – INA

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में UGC के नए नियमों को लेकर बीजेपी के अंदर ही विवाद सामने आया है. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से UGC के इक्विटी नियमों पर सवाल पूछना एक बीजेपी कार्यकर्ता को भारी पड़ गया. आरोप है कि सवाल पूछने के दौरान बीजेपी पार्षद विनय मिश्रा ने कार्यकर्ता रोहित तिवारी उर्फ काका को थप्पड़ मार दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. मामले में रोहित तिवारी ने दारागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

इसके आधार पर पार्षद विनय मिश्रा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. खास बात यह है कि बीजेपी के ही इलाहाबाद उत्तर से विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने भी पार्षद के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि UGC का विरोध करना हर ब्राह्मण और सवर्ण का हक है.

UGC पर सवाल, कार्यक्रम में हंगामा

प्रयागराज के परेड ग्राउंड में रविवार को बीजेपी का प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे. इसी दौरान बीजेपी कार्यकर्ता रोहित तिवारी उर्फ काका और एक अन्य व्यक्ति ने UGC विनियम, 2026 को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. दोनों ने केशव प्रसाद मौर्य से पूछा कि उनके मुद्दे पर कब बोलेंगे. उन्होंने आवाज लगाते हुए कहा, ‘आप हमारे बारे में कब बोलेंगे? कृपया UGC के बारे में बोलिए.’

केशव मौर्य ने कहा- अभी चुप रहो, सब कुछ बोलूंगा

जब केशव प्रसाद मौर्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, तभी दोनों लोगों ने UGC नियमों को लेकर सवाल किया. व्यवधान से नाराज नजर आए डिप्टी सीएम ने उनसे कहा, ‘अभी आप चुप रहो, चलो. मैं सब कुछ बोलूंगा. मैं कोई चीज बोलने से कभी नहीं रुकता हूं.’ इस बातचीत के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया. पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ.

पार्षद विनय मिश्रा के खिलाफ FIR

आरोप है कि इसी दौरान बीजेपी पार्षद विनय मिश्रा उनकी तरफ दौड़े और रोहित तिवारी को पकड़कर थप्पड़ मार दिया. घटना के बाद सोमवार शाम रोहित तिवारी उर्फ काका ने प्रयागराज के दारागंज थाने में बीजेपी पार्षद विनय मिश्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पार्षद के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. रोहित तिवारी का आरोप है कि UGC के मुद्दे पर सवाल पूछने के दौरान उनके साथ मारपीट की गई.

BJP विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने भी उठाए सवाल

इस पूरे मामले में बीजेपी के इलाहाबाद उत्तर से विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर पार्षद के व्यवहार पर सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की. हर्षवर्धन बाजपेयी ने लिखा, ‘UGC का विरोध करना हर ब्राह्मण/सवर्ण का हक है.’ उन्होंने आगे लिखा कि जिन लोगों ने अपना नंबर बढ़ाने के लिए अपने समाज के लोगों पर ही हिंसा की, वे जान लें कि कोई अपने बच्चे का नाम विभीषण नहीं रखता.

UGC नियमों पर सवाल करने पर कार्यकर्ता को थप्पड़, प्रयागराज में BJP पार्षद पर FIR


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button