खबर शहर , Agra News: डीएपी खाद न मिलने पर किसानों का हंगामा – INA

किरावली। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण विकास सहकारी समिति कौरई पर डीएपी खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने मंगलवार को हंगामा किया। खाद वितरण में मनमानी और कालाबाजारी के आरोप लगाए। हंगामे की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल दोपहर करीब 2 बजे समिति पर पहुंचे, तो वहां एक टेंपो में डीएपी के 40 कट्टे लदे मिले। पुलिस टेंपो को थाने ले गई। गांव कौरई निवासी किसान सुधीश शर्मा ने बताया कि 8 बीघा खेत होने के बावजूद 2 सप्ताह से समिति के चक्कर लगाने पर भी खाद नहीं मिला। कौरई के सुखवीर सिंह ने बताया कि 11 बीघा खेत की बुवाई खाद के अभाव में पिछड़ रही है। जाजऊ के राजेंद्र सिंह ने चहेते लोगों को खाद देने का आरोप लगाया। भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमकांत डागुर ने 1350 रुपये के कट्टे पर 1360 रुपये वसूलने की शिकायत की। खाद न मिलने पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों की सूचना पर विधायक चौधरी बाबूलाल दोपहर करीब 2 बजे पहुंचे और जिलाधिकारी से फोन पर बात की। किसान नेता दिलीप सिंह ने बताया कि कालाबाजारी की निष्पक्ष जांच की जाए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। हंगामा करने वालों में गंगाराम माहौर, बाबूलाल वाल्मीकि सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।


डीएम ने एडीसीओ और एडीओ को सौंपी जांच

विधायक के जानकारी दिए जाने पर डीएम ने जांच के लिए एडीसीओ अरविंद चौहान और एडीओ जितेंद्र जैन को भेजा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों-कर्मचारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। खाद की कालाबाजारी करने वालों और बिचौलियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। समिति सभापति हुकम सिंह ने बताया कि टेंपो में 8 किसानों के 40 कट्टे थे। ये कट्टे पृथ्वीपुरा के किसानों के बताए गए हैं। किरावली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच एडीसीओ कर रहे हैं।

हंगामे के बाद 25 कट्टे वितरित किए गए, लेकिन सर्वर डाउन होने से पॉश मशीन बंद हो गई। जल्द अतिरिक्त खाद मंगाकर 2 से 3 दिन में वितरण कराया जाएगा। – अरविंद चौहान, एडीसीओ


Credit By Amar Ujala

Back to top button