Technology, करोड़पति गेमर: 17 साल की उम्र में शुरू किया गेम खेलना, आज महीने के कमाता है 4 करोड़, जानिए ‘फेकर’ की कहानी – Faker League Of Legends Gamer Monthly Income Net Worth Career Story — INA

घर में बच्चे घंटों वीडियो गेम खेलते हैं तो अक्सर माता-पिता परेशान हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि गेम खेलने में बच्चों का समय बर्बाद हो रहा है और इससे पढ़ाई पर असर पड़ सकता है। लेकिन दक्षिण कोरिया के एक युवा ने वीडियो गेम को ही अपना करियर बना लिया। महज 17 साल की उम्र में प्रोफेशनल गेमिंग शुरू करने वाले इस खिलाड़ी ने आज दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
हम बात कर रहे हैं ली सांग-ह्योक (Lee Sang-hyeok) की, जिन्हें गेमिंग की दुनिया में Faker के नाम से जाना जाता है। वह ई-स्पोर्ट्स की मशहूर टीम T1 के स्टार खिलाड़ी हैं और League of Legends गेम खेलते हैं। उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 10 मिलियन डॉलर यानी लगभग 88 करोड़ रुपये बताई जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी सालाना सैलरी का एक अनुमान 50 से 60 लाख डॉलर है। इस हिसाब से उनकी औसत मासिक सैलरी करीब 3.7 से 4.4 करोड़ रुपये हो सकती है।
खास बात यह है कि Faker की कमाई सिर्फ गेम खेलने या टूर्नामेंट जीतने तक सीमित नहीं है। ब्रांड डील, सोशल मीडिया और निवेश से भी उनकी अच्छी कमाई होती है। आइए जानते हैं उनकी सफलता की कहानी और कमाई के अलग-अलग जरिये।
कौन है Faker और कितनी है उनकी नेटवर्थ?
ली सांग-ह्योक का जन्म 7 मई 1996 को दक्षिण कोरिया में हुआ था। गेमिंग की दुनिया में वह फेकर (Faker) नाम से मशहूर हैं। उन्हें लीग ऑफ लीजेंड्स (League of Legends) के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिना जाता है।
ईस्पोर्ट्स इंसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, Faker की अनुमानित नेटवर्थ करीब 10 मिलियन डॉलर यानी लगभग 88 करोड़ रुपये है। हालांकि, कुछ दूसरी वेबसाइटों पर उनकी संपत्ति 25 मिलियन डॉलर तक बताई गई है। हालांकि, गेमर ने इन आंकड़ों का स्वतंत्र रूप से खुलासा नहीं किया है।
उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुनिया भर में उनके लाखों प्रशंसक हैं। गेमिंग के अलावा बड़ी कंपनियां भी उन्हें अपने ब्रांड से जोड़ना चाहती हैं।
हर महीने कितनी सैलरी मिलती है?
Faker की कमाई का सबसे बड़ा जरिया उनकी प्रोफेशनल टीम T1 से मिलने वाली सैलरी मानी जाती है। हालांकि, उनकी सैलरी को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स में अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Faker को सालाना 50 से 60 लाख डॉलर यानी करीब 44 से 53 करोड़ रुपये मिलते हैं। वहीं, The Korea Herald की एक रिपोर्ट में उनकी सालाना कमाई करीब 50 अरब दक्षिण कोरियाई वॉन बताई गई है।
अगर 50 से 60 लाख डॉलर सालाना सैलरी के अनुमान को आधार मानें तो उनकी औसत मासिक कमाई करीब 3.7 से 4.4 करोड़ रुपये बैठती है। ध्यान देने वाली बात है कि यह सिर्फ अनुमानित सैलरी का औसत है। इसमें ब्रांड डील, टूर्नामेंट की इनामी रकम और निवेश से होने वाली कमाई शामिल नहीं है।
17 साल की उम्र में शुरू किया प्रोफेशनल करियर
Faker की कहानी काफी दिलचस्प है। बचपन में उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। The Korea Herald की रिपोर्ट के मुताबिक, उनका परिवार सरकारी आर्थिक सहायता पाने वाले परिवारों में शामिल था।
उनके पिता ने घर में एक कंप्यूटर खरीदा था। इसी के बाद Faker की ऑनलाइन गेमिंग में दिलचस्पी बढ़ी। वह धीरे-धीरे League of Legends खेलने लगे और अपनी शानदार गेमिंग स्किल के कारण पहचान बनाने लगे।
साल 2013 में महज 17 साल की उम्र में उन्हें SK Telecom T1 ने अपनी टीम में शामिल कर लिया। इसी साल उन्होंने प्रोफेशनल गेमिंग में डेब्यू किया और अपनी पहली ही कोशिश में League of Legends World Championship जीत ली।
इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। Faker साल 2013 से ही T1 के साथ जुड़े हुए हैं। जुलाई 2025 में उन्होंने टीम के साथ नया चार साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया, जो 2029 तक चलेगा।
टूर्नामेंट जीतकर अब तक कितने करोड़ रुपये कमाए?
Faker की कमाई में गेमिंग टूर्नामेंट से मिलने वाली प्राइज मनी का भी अहम हिस्सा है। Guinness World Records के मुताबिक, 7 जुलाई 2026 तक वह League of Legends प्रतियोगिताओं से 19.22 लाख डॉलर से ज्यादा की इनामी रकम जीत चुके थे। भारतीय रुपये में यह राशि करीब 17 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में छह बार League of Legends World Championship जीतना शामिल है। उन्होंने 2013, 2015, 2016, 2023, 2024 और 2025 में यह खिताब अपने नाम किया। लगातार शानदार प्रदर्शन और लंबे करियर की वजह से Faker को इस गेम के इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिना जाता है।
ब्रांड डील से भी होती है करोड़ों की कमाई
Faker की लोकप्रियता सिर्फ गेमिंग तक सीमित नहीं है। दुनिया भर में उनके फैंस हैं। इसी वजह से कई बड़ी कंपनियां उन्हें अपने ब्रांड से जोड़ती हैं।
उनका नाम Razer, Nike और Red Bull जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ जुड़ चुका है। गेमिंग एक्सेसरीज, स्पोर्ट्स और एनर्जी ड्रिंक से जुड़ी कंपनियां उनकी लोकप्रियता का इस्तेमाल अपने प्रोडक्ट के प्रमोशन के लिए करती हैं।
ऐसे करार में खिलाड़ियों को प्रमोशनल फीस के अलावा प्रोडक्ट और दूसरी सुविधाएं भी मिल सकती हैं। हालांकि, Faker को इन ब्रांड्स से कितनी रकम मिलती है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं है।
YouTube और लाइव स्ट्रीमिंग से भी कमाई
Faker की कमाई का एक और जरिया डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं। उनका अपना YouTube चैनल है, जहां गेमप्ले वीडियो और दूसरे गेमिंग कंटेंट शेयर किए जाते हैं। उनके चैनल पर लाखों सब्सक्राइबर हैं और वीडियो को बड़ी संख्या में व्यूज मिलते हैं।
YouTube पर .ों, स्पॉन्सरशिप और ब्रांड पार्टनरशिप से कमाई होती है। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान दर्शकों से मिलने वाले डोनेशन और पेड फीचर्स भी आय का जरिया बन सकते हैं।
इस तरह Faker ने गेमिंग में अपनी प्रतिभा के दम पर न सिर्फ पहचान बनाई, बल्कि इसे कमाई के कई रास्तों में भी बदल दिया। उनकी कहानी दिखाती है कि सही स्किल, लगातार मेहनत और मौके का फायदा उठाकर वीडियो गेमिंग भी एक बड़ा प्रोफेशन बन सकती है। हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने के लिए खिलाड़ी को कड़े कॉम्पीटीशन और लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन देना पड़ता है।