Technology, व्हाट्सएप का नया फीचर: चैटिंग के दौरान फोटो और वीडियो भेजना होगा और भी आसान, गैलरी खोलने की झंझट होगी खत्म – Whatsapp Recent Media Suggestions Feature Share Photos Videos Easily Android Ios Update — INA

मेसेजिंग एप व्हाट्सएप पर किसी को फोटो या वीडियो भेजने के लिए अब तक यूजर्स को चैट से गैलरी में जाना पड़ता है। वहां अपनी पसंद की फोटो या वीडियो चुनने के बाद उसे शेयर किया जाता है। लेकिन जल्द ही यह प्रोसेस आसान हो सकता है। व्हाट्सएप एक ऐसे नए फीचर पर काम कर रहा है, जिसकी मदद से फोन में हाल ही में सेव की गई फोटो और वीडियो सीधे चैट स्क्रीन पर दिखाई देंगी।

इस फीचर का नाम Recent Media Suggestions है। इसकी मदद से यूजर्स को किसी कॉन्टैक्ट के साथ चैट करते समय ही नई फोटो और वीडियो के सजेशन मिलेंगे। यानी मीडिया शेयर करने के लिए बार-बार गैलरी खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खास बात यह है कि यह फीचर यूजर की अनुमति के बिना कोई फोटो या वीडियो अपने आप सेंड नहीं करेगा।

क्या हैWhatsApp का Recent Media Suggestions फीचर?

  1. WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp इस फीचर को फिलहाल चुनिंदा Android और iOS यूजर्स के लिए रोलआउट कर रहा है। इसका मकसद चैटिंग के दौरान फोटो और वीडियो शेयर करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
  1. आमतौर पर जब कोई यूजर WhatsApp पर फोटो या वीडियो भेजना चाहता है तो उसे अटैचमेंट या कैमरा आइकन पर टैप करके गैलरी में जाना पड़ता है। इसके बाद मीडिया फाइल चुनकर भेजनी होती है।
  2. नए फीचर के आने के बाद फोन में हाल ही में सेव की गई फोटो और वीडियो के सजेशन सीधे चैट स्क्रीन पर दिखाई दे सकते हैं। यूजर इन सजेशन पर टैप करके तुरंत मीडिया शेयर करने की प्रक्रिया शुरू कर सकेगा।

दो अलग-अलग तरीकों से हो रही टेस्टिंग

WhatsApp इस फीचर को चैट स्क्रीन पर दिखाने के लिए दो अलग-अलग डिजाइन की टेस्टिंग कर रहा है।

  1. पहला तरीका:इसमें चैट बॉक्स के ठीक ऊपर एक छोटा नोटिफिकेशन या सजेशन दिखाई देगा। इसमें फोन की गैलरी में हाल ही में सेव की गई फोटो या वीडियो का थंबनेल नजर आएगा। यूजर इस पर टैप करके उसे शेयर कर सकेगा।
  2. दूसरा तरीका:इसमें चैट बार के पास मौजूद कैमरा आइकन की जगह कुछ समय के लिए नई फोटो या वीडियो का थंबनेल दिखाई दे सकता है। इससे यूजर को बिना किसी अतिरिक्त स्टेप के हाल ही में सेव किया गया मीडिया नजर आ जाएगा।

इन दोनों तरीकों का मकसद एक ही है- यूजर्स को चैटिंग के दौरान ही फोटो और वीडियो तक जल्दी पहुंच देना।

गलती से अपने आप सेंड नहीं होगी फोटो

  1. इस फीचर को लेकर एक जरूरी बात यह है कि WhatsApp किसी फोटो या वीडियो को अपने आप सामने वाले व्यक्ति को नहीं भेजेगा। यूजर को पहले दिखाई देने वाले सजेशन पर टैप करना होगा।
  2. इसके बाद चुनी गई फोटो या वीडियो WhatsApp के एडिटर में खुलेगी। यहां यूजर उसे शेयर करने से पहले देख सकेगा। जरूरत पड़ने पर फोटो या वीडियो में कैप्शन और स्टिकर भी जोड़ सकता है।
  3. सभी बदलाव करने के बाद यूजर को खुद सेंड बटन दबाना होगा। अगर उसे कोई सजेशन पसंद नहीं आता तो वह उसे नजरअंदाज करके सामान्य तरीके से चैटिंग जारी रख सकता है।

स्क्रीनशॉट और डाउनलोड की गई फोटो भी दिखेंगी

यह फीचर सिर्फ फोन के कैमरे से क्लिक की गई तस्वीरों तक ही सीमित नहीं है। अगर आप इंस्टाग्राम या किसी और ऐप से कोई वीडियो सेव करते हैं, इंटरनेट से कोई फोटो डाउनलोड करते हैं, या कोई जरूरी स्क्रीनशॉट लेते हैं, तो वे सभी फाइल्स भी आपको चैट बॉक्स में सजेशन के तौर पर दिखाई देंगी।

WhatsApp में कैसे बंद कर सकेंगे यह फीचर?

WhatsApp इस फीचर को योग्य यूजर्स के लिए डिफॉल्ट रूप से ऑन रख सकता है। हालांकि, अगर किसी यूजर को चैट स्क्रीन पर फोटो और वीडियो के सजेशन नहीं चाहिए तो वह इसे बंद भी कर सकेगा।

इसके लिए ये स्टेप्स फॉलो करने होंगे:

  1. सबसे पहले WhatsApp की Settings में जाएं।
  2. यहां Chats सेक्शन खोलें।
  3. Recent Media Suggestions विकल्प पर टैप करें।
  4. इस फीचर को डिसेबल कर दें।

इसके बाद चैटिंग के दौरान हाल ही में सेव की गई फोटो और वीडियो के सजेशन दिखाई नहीं देंगे।

किन यूजर्स को मिलेगा नया फीचर?

  1. WABetaInfo के मुताबिक, WhatsApp फिलहाल इस फीचर की टेस्टिंग चुनिंदा Android और iOS यूजर्स के साथ कर रहा है। अभी इसे सभी यूजर्स के लिए जारी करने की तारीख सामने नहीं आई है।
  2. टेस्टिंग के दौरान WhatsApp इसके डिजाइन और काम करने के तरीके में बदलाव कर सकता है। इसलिए सभी यूजर्स को एक जैसा इंटरफेस मिले, यह जरूरी नहीं है। आने वाले समय में कंपनी इस फीचर को ज्यादा यूजर्स के लिए रोलआउट कर सकती है।

Source link

Back to top button