सीजी- बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: हेरोइन तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, अमृतसर से मुख्य सप्लायर अरेस्ट – INA

हेरोइन की अवैध आपूर्ति करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। एसीसीयू और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 40 वर्षीय रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को पकड़ा। पुलिस टीम आरोपी को बिलासपुर लेकर आई, जहां अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मुख्य सप्लायर तक पहुंची टीम

डीएसपी सुदीप सरकार ने बताया कि 24 अक्तूबर को पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास से 32 वर्षीय दीपक वालिया को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में उसलापुर में रह रहा दीपक मूल रूप से अमृतसर का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये नकद जब्त किए थे। इस मामले में सकरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पूछताछ और साइबर सेल के तकनीकी इनपुट से अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह के मुख्य सप्लायर होने की जानकारी मिली।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: पीडब्ल्यूडी में नई नियुक्तियों पर पूर्ण प्रतिबंध, दोषी अधिकारियों से होगी वसूली

नेटवर्क ध्वस्त करने का प्रयास

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम पंजाब भेजी गई, जिसने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस इस मामले में एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है ताकि केवल नशा बेचने वालों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। एसीसीयू निरीक्षक गोपाल सतपथी ने बताया कि अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Credit By Amar Ujala

Back to top button